March 6, 2026
IMG_20251025_150333

काशीपुर। महादेव नगर स्थित ढकिया कलां क्षेत्र में लगे मुरलीवाला स्टोन क्रेशर को लेकर एक गंभीर विवाद सामने आया है। गुरपेज सिंह बाजवा और उनके परिवार ने मीडिया के सामने आरोप लगाया है कि अनूप अग्रवाल नामक व्यक्ति ने साझेदारी में लगाए गए इस क्रेशर में भारी वित्तीय अनियमितताएं कीं, जिसके चलते लगभग 32 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। गुरपेज सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 में क्रेशर की शुरूआत के बाद से आज तक उनका कोई सही हिसाब-किताब नहीं किया गया। बार-बार मांग करने के बावजूद जब लेखा-जोखा नहीं दिखाया गया तो विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि बात बिगड़ने पर अनूप अग्रवाल ने अभद्र व्यवहार किया और हिसाब देने से साफ मना कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कोतवाली, एसडीएम कार्यालय और पुलिस कप्तान तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। गुरपेज सिंह का आरोप है कि जब मामला मीडिया में उजागर हुआ तो गदरपुर विधायक अरविंद पांडे और उनके परिजनों ने अनूप अग्रवाल के पक्ष में बोलते हुए उल्टा उन पर ही आरोप लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने कहा कि जब वे विधायक निवास पहुंचे तो विधायक ने मिलने से इन्कार कर दिया और किसी भी तरह की बातचीत से बचते रहे। इस बीच प्रशासन और पुलिस ने भी उनकी बात सुनना बंद कर दिया है। गुरपेज सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि अनूप अग्रवाल के खिलाफ जमीन, क्रेशर और धोखाधड़ी से जुड़े कई केस दर्ज हैं, जिनमें कुछ हाईकोर्ट में भी लंबित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर आरोपी “गुमशुदा” बताया जा रहा है, तो फिर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज क्यों नहीं कराई गई? और यदि वह फरार है, तो उसके लिए जमानत कौन करा रहा है? उन्होंने मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई और कहा कि “हमारे ऊपर भारी कर्ज है, जमीन नष्ट हो चुकी है, प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। अब हमारे पास मृत्यु के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा।” अंत में उन्होंने कहा कि वे अब दोबारा ज्ञापन लेकर विधायक अरविंद पांडे के निवास पर जाएंगे और मांग करेंगे कि पुलिस कप्तान को आदेश देकर उनकी एफआईआर दर्ज कराई जाए, ताकि इस पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *