March 6, 2026
Screenshot_2025-10-31-12-14-21-72

काशीपुर। बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के माध्यम से निर्धन परिवारों की कन्याओं के हाथ पीले करने का दिन आ गया है। आगामी कल 01 नवंबर को 31 निर्धन कन्याएं सामूहिक रूप से अपने जीवनसाथी के साथ सात फेरे लेकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करेंगी। उल्लेखनीय है कि बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था (रजि.) विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चैती मेला प्रांगण काशीपुर में 31 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह आगामी कल शनिवार, 01 नवंबर (देव उठान एकादशी) को धूमधाम से संपन्न कराने जा रही है। उक्त संस्था अब तक करीब 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करा चुकी है। संस्था के अध्यक्ष/मुख्य आयोजक आनंद कुमार एडवोकेट ने बताया कि यह संस्था का 8वां विवाह समारोह है, जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। एडवोकेट आनंद ने बताया कि काशीपुर में जसपुर खुर्द स्थित बांसियोंवाला शिव मंदिर समिति की ओर से वर्ष 2007 में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। तत्कालीन समिति के अध्यक्ष सुधीर चन्द्र आढ़ती की देखरेख में वर्ष 2010 तक हर वर्ष 11 गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाता रहा था। इन सभी आयोजनों में बाल सुन्दरी संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्व. बाबूराम जी का भी हमेशा सहयोग रहता था। समिति अध्यक्ष सुधीर चन्द्र के निधन के उपरांत समिति ने यह आयोजन बंद कर दिया था। तत्पश्चात समिति की प्रेरणा से उनके पिता वरिष्ठ समाजसेवी स्व. बाबूराम जी ने सर्वप्रथम चैती मेला परिसर में 22 नवम्बर 2015 को 21 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर इस शुभ कार्य की शुरूआत की थी। इस बार संस्था का यह आठवां आयोजन है। संस्था अब तक 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करवा चुकी है। संस्था के एवं महासचिव/मीडिया प्रमुख सुरेश शर्मा (वरिष्ठ पत्रकार) ने बताया कि संस्था द्वारा सामूहिक विवाह में आये आवेदन में संलग्न पेपरों की जांच पड़ताल के लिए अलग-अलग स्थानों पर संस्था की टीमों को भेजकर एवं लोगों से सम्पर्क कर विवाह के योग्य पात्रों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार, 1 नवंबर को 31 दूल्हों की बारात श्रीरामलीला ग्राउंड से धूमधाम से निकाली जाएगी। बारात के आयोजन स्थल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा और फिर अन्य रस्में पूरी की जाएंगी। सामूहिक विवाह में फेरे सनातन धर्म के अनुसार विधि-विधान से करवाये जायेंगे। समारोह में उपस्थित हजारों व्यक्ति इस पुण्य के साक्षी होंगे।विवाह के उपरांत वर-वधू पक्ष को विवाह प्रमाण पत्र भी विवाह समारोह के बाद दिये जायेंगे। उन्होंने बताया कि 8वें विवाह समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *