March 6, 2026
Screenshot_2025-11-01-18-27-45-92

काशीपुर। पूर्व दर्जाधारी व चिह्नित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय प्रमुख संरक्षक धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार द्वारा राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोह का पूर्णत: बहिष्कार करेगी। छह नवंबर को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे पर कांग्रेसी बड़ी संख्या में शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। पूर्व दर्जाधारी व कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य अनुपम शर्मा के आवास पर मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के लिए दिल्ली रैली में जा रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर, रामपुर तिराहे पर पुलिस कर्मियों ने गोलियां बरसा दी थीं, जिसमें सात आंदोलनकारी शहीद हो गए। यही नहीं बहन, बेटियों की आबरु पर भी हमला किया गया। यह मामला आज भी विचाराधीन है, लेकिन भाजपा की राज्य सरकार इसकी ठोस पैरवी नहीं कर रही है। इसके चलते दोषी खुलेआम घूम रहे हैं। कांग्रेस का मानना है कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिल जाती कांग्रेसी आंदोलन करते रहेंगे। प्रताप ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारों की बेकद्री हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे घपले सरकार की हीलाहवाली का नतीजा है। आंदोलनकारियों के 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है, लेकिन प्रदेश सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इस दौरान पीसीसी सदस्य श्रीमती अलका पाल, महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, गौरव चौधरी, सारिम सैफी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *