देहरादून। उत्तराखंड ने आज अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का हिस्सा बने और स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश को कई परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रजत जयंती समारोह के अवसर पर उत्तराखंड को 8260 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ीं हैं। उन्होंने 28,000 किसानों के खाते में फसल बीमा योजना की 62 करोड़ रुपये की रकम भी जारी की। पीएम मोदी आज वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में रजत जंयती समारोह के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने उत्तराखंड के विकास से जुड़ीं विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न हितधारकों से संवाद भी किया। स्मारक डाक टिकट जारी करने के बाद पीएम ने जनसमूह को संबोधित किया। दीदी भुल्यों…दाणा सयाणों। आप सभी तैं म्यार नमस्कार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गढ़वाली में संबोधन की शुरुआत की तो लोग उत्साह और जोश से भर गए। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड का मन प्रफुल्लित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरा उत्तराखंड से कितना गहरा लगाव है, आप सब जानते हैं। जब मैं यहां आता था तो लोगों की लगन, ललक मुझे प्रेरित करती थी। उसने मुझे सही मायनों में उत्तराखंड की सामर्थ्य से परिचित कराया। ये दशक उत्तराखंड का केवल वाक्य नहीं था, मुझे आप सब पर पूरा भरोसा था। ये उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड है। जब उत्तराखंड नया बना था तब चुनौतियां कम नहीं थी। संसाधन सीमित थे, बजट नहीं होता था। ज्यादातर जरूरत केंद्र की मदद से पूरी होती थी। आज तस्वीर बदल चुकी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस ऊंचाई पर है, उसे देखकर हर उस व्यक्ति का खुश होना स्वाभाविक है, जिन्होंने राज्य के लिए संघर्ष किया था। मुझे इस बात कि खुशी है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य को नई ऊंचाई देने में जुटी है। मैं रजत जयंती की बधाई देता हूं। उन आंदोलनकारियों को भी श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं, जिन्होने अपने प्राणों का बलिदान दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नौ नवंबर का ये दिन एक लंबी तपस्या का फल है। आज का दिन हम सभी को गर्व का अहसास करा रहा है। कहा कि उत्तराखंड की देवतुल्य जनता ने जो सपना देखा था वो अटल जी की सरकार में 25 साल पहले पूरा हुआ था। रजत जयंती पर लगाई गई खास प्रदर्शनी को देखने के लिए पीएम मोदी ने सभी से अपील की। कहा कि इसमें उत्तराखंड की सफलता की गाथा है। 25 साल पहले बजट सिर्फ 4000 करोड़ रुपए था। आज ये बढ़कर एक लाख करोड़ को पार कर चुका है। बिजली उत्पादन 4 गुना ज्यादा हो गया। सड़कों की लंबाई 2 गुनी हो गई। 6 माह में 4000 यात्री हवाई जहाज से आते थे आज एक दिन में 4000 से ज्यादा आते हैं। आज 10 मेडिकल कॉलेज हैं।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
