March 6, 2026
Screenshot_2025-12-31-18-09-15-42

   काशीपुर। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किसान आज यहां तीसरे दिन भी धरना स्थल पर प्रदर्शन करते रहे। कड़ाके की ठंड के बीच किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का हल नहीं होगा, वह धरना खत्म नहीं करेंगे। उधर, मौके पर किसानों से वार्ता करने पहुंचे विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा से तीन घंटे चली वार्ता में भी कोई सकारात्मक हल नहीं निकल सका। किसानों ने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की। चीमा चौराहा के निकट क्रय-विक्रय सहकारी समिति कार्यालय के बाहर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किसान धान को पोर्टल पर चढ़ाकर भुगतान की मांग कर रहे हैं। बीते अक्तूबर माह में तौल केंद्र पर तौले गए धान को अभी तक पोर्टल पर नहीं चढ़ाया गया है, जिसके चलते किसानों के 12 हजार कुंतल धान के मूल्य का भुगतान नहीं हो पाया है। काशीपुर ब्लॉक में 12 तौल केंद्र पर ये धान तोले गए थे। मौके पर पहुंचे संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय सदस्य जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि किसानों का भुगतान नहीं हुआ तो धरना प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। भाकियू युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू ने कहा कि धान पोर्टल पर अपलोड नहीं होने से उनका भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचे विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा से मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की। मंडी समिति की रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर लता मिश्रा ने भी किसानों से वार्ता की और राइस मिलर्स की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। वहीं, गत रात एसडीएम अभय प्रताप सिंह व तहसीलदार पंकज चंदोला ने भी धरना स्थल पहुंचकर किसानों से वार्ता की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। धरना स्थल पर मनप्रीत सिंह, अविनाश सिंह, लवप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, उदित शर्मा, सतनाम सिंह, गुरमुख सिंह, गुरमीत सिंह, दिलबाग सिंह, समर पाल सिंह, ज्ञान सिंह, सुखवीर सिंह, प्यारा सिंह, दलवीर सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *