March 6, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

जसपुर। संदिग्ध बैंक एकाउंट्स की जांच के दौरान पुलिस ने एक ऐसे एकाउंट का खुलासा किया है, जिसमें लाखों रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। जांच में एकाउंट से तेलंगाना के एक व्यापारी के 25 लाख रुपये हड़पने की पुष्टि होने पर पुलिस ने एकाउंट होल्डर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। नादेही चौकी इंचार्ज संतोष देवरानी ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर बैंक ऑफ बड़ौदा की जसपुर शाखा में एक संदिग्ध एकाउंट की जांच की गई। यह एकाउंट मौहम्मद शाकिब अरशद पुत्र हबीब अहमद, निवासी इमरान चौक जसपुर का पाया गया। बैंक की ज्वाइंट मैनेजर स्मृति ने बताया कि शाकिब के एकाउंट में एक करोड़ 20 लाख 10 हजार 755 रुपये का लियन लगा हुआ है। गत वर्ष अप्रैल में इस एकाउंट में 28 बार रुपये जमा किए गए, जिससे लेनदेन की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई। जांच में सामने आया कि तेलंगाना निवासी एल. शैलेंद्र रेड्डी के एकाउंट से शाकिब के एकाउंट में दो किस्तों में 20 लाख और 5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए। पूछताछ में शाकिब ने कबूला कि रकम उसके एकाउंट में आई थी। उसने बताया कि वह ई-वे बिल बनाने का काम करता है और मौहम्मद दाऊद पुत्र मौहम्मद अय्यूब निवासी मोहल्ला नई बस्ती जसपुर ने लालच देकर उससे एकाउंट की जानकारी ली थी। दाऊद द्वारा ही रुपये मंगवाए गए और बदले में उसे मोटा कमीशन दिया गया। दाऊद वर्तमान में एक साल से बिजनौर जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, एल. शैलेंद्र रेड्डी ने ट्रेडिंग के नाम पर करीब तीन करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी शाकिब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *