काशीपुर। आगामी कल 14 जनवरी यानि मकर संक्रांति को आयोजित “हमारे पूर्वज, हमारी विरासत” कार्यक्रम में काशीपुर शहर एक साथ अपने पुरखों को याद करने, उनकी विरासत को नमन करने और समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के संकल्प के साथ एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनेगा। इस कार्यक्रम में भक्ति, राष्ट्रभाव, साहित्य, समाजसेवा और स्वास्थ्य जैसे अनेक आयाम एक ही मंच पर एकत्र होंगे। कार्यक्रम आयोजक अमित शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि वह अपने दादा पं. श्यामलाल शर्मा की पुण्यतिथि को स्मृति दिवस के रूप में मनाने जा रहे हैं। बुधवार, 14 जनवरी को सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक मानपुर रोड स्थित बाबा रिसॉर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम का आरंभ राष्ट्रगान से होगा। साथ ही भक्तिभाव से ओतप्रोत भजनों के माध्यम से प्रभु स्मरण किया जाएगा। इस दौरान वर्ष 2026 के लिए एक सौ एक प्रतिभाओं के सम्मान समारोह का संकल्प भी लिया जाएगा। आयोजक अमित शर्मा ने बताया कि उनके दादाजी का नाम श्यामलाल शर्मा था और उनके आराध्य देव भी खाटू श्याम जी हैं, जिनका आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि इस भावनात्मक कार्यक्रम को भक्तिमय बनाने के लिए भजन गायक शुभम तिलकधारी, साहित्यिक रंग भरने के लिए साहित्य दर्पण संस्था के विनय कटियार की सहभागिता रहेगी। श्री शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मूल विषय “हमारे पूर्वज, हमारी विरासत” रखा गया है, जो यह संदेश देता है कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी परंपराओं और मूल्यों को नहीं भूलना चाहिए। आयोजन की महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि यह केवल धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी समान महत्व देगा, जिसमें क्लीन एंड ग्रीन फाउंडेशन की ओर से इस दिन निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें डॉ. यशपाल रावत अपनी टीम के साथ सेवाएं देंगे। उनके साथ स्त्री रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन, डेंटल सर्जन, गाइनोलॉजिस्ट और चर्म रोग विशेषज्ञ एवं हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार भी मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त एक्यूप्रेशर के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें एक्यूप्रेशर पॉइंट, मेथी दाना जैसी विधियों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
शिविर में सभी दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे। अमित शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के साथ किया जाएगा। उन्होंने आमजन से इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी कर इसे ऐतिहासिक बनाने में योगदान देने का आहवान किया है।उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी अमित शर्मा द्वारा समाज के लिए कई सराहनीय प्रयास किए गए हैं, जिनमें एक सौ एक प्रतिभा सम्मान समारोह शामिल हैं। अभी हाल रुड़की में आयोजित शिक्षा रत्न सम्मान समारोह में अमित शर्मा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना काशीपुर के लिए गर्व की बात है। प्रेसवार्ता के दौरान विजेंद्र चौधरी व सर्वेश बंसल आदि भी उपस्थित रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
