March 6, 2026
Screenshot_2026-01-14-15-56-44-43

काशीपुर। कोतवाली कुंडा पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 11000 केवी की चलती हाई वोल्टेज लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का ट्रांसफार्मर तार, तेल, नकद धनराशि तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को थाना कुंडा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कुदइयावाला क्षेत्र स्थित लिप्टिस के बाग के पास एक महेन्द्रा पिकअप वाहन-यूपी30-एटी-2804 को रोककर तलाशी ली तो करीब 08 किलो ट्रांसफार्मर की तांबे की तार, 10 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, एक ट्रांसफार्मर बुशिंग, 6500 रुपये नकद, अतिरिक्त कट्टे से 4.4 किलो तांबे की तार, एक लीटर तेल व एक बुशिंग बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान रईस अहमद पुत्र रियासत अली, निवासी माल गोदाम रोड, थाना सुभाष नगर, जनपद बरेली (यूपी) तथा मोहम्मद सोहेल पुत्र कल्लू शाह, निवासी गुना जवार, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (यूपी) के रूप में कराते हुए बताया कि वे 11000 केवी की चालू लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर चोरी करते हैं। साथ ही बताया कि इससे पूर्व वे जसपुर क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त महेन्द्रा पिकअप वाहन भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कुंडा में मु.अ.सं.-25/2026 तथा थाना जसपुर में मु.अ.सं.-43/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना कुंडा पुलिस टीम के एसआई अर्जुन सिंह, एसआई प्रदीप कुमार, एएसआई दीपक चौहान, कांस्टेबल त्रिलोक एवं कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चोरी, संपत्ति अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *