March 6, 2026
Screenshot_2026-01-20-13-09-53-83

नई दिल्ली। भाजपा के नये अध्यक्ष ने पदभार संभाल लिया है। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में सभी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रक्रिया से चलती है। उन्होंने कहा कि आज से नितिन नवीन ही हमारे अध्यक्ष हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप चलती है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी बड़ी आवाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए हमेशा सेवा ही सर्वोपरि है, सत्ता तो उसके लिए एक माध्यम ही है। इसीलिए हमारा स्ट्राइक रेट बहुत अधिक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब तो हम नगर निगम में भी पहली पसंद हैं। भाजपा महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के सभी नेताओं को संदेश देते हुए कहा कि आज से नितिन नवीन मेरे बॉस हैं। इस तरह उन्होंने पूरी भाजपा को संदेश दे दिया कि नितिन नवीन ही पार्टी के नए मुखिया हैं और इसके नाते हर नेता को उन्हें सम्मान देना ही होगा। उन्होंने कहा कि नए नेताओं के लिए भाजपा एक मंच है। हमारे अध्यक्ष सबसे युवा हैं और ऊर्जा से भरे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं आज कल के युवाओं की भाषा में बात करूं तो नितिन जी खुद भी एक तरह से मिलेनियल हैं। वह उस पीढ़ी से हैं, जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलाव होते देखे हैं। वह उस पीढ़ी से हैं, जिसने बचपन में रेडियो से सूचनाएं पाईं और आज एआई के एक्टिव यूजर भी हैं। उनके पास ऊर्जा भी है और संगठन में काम करने का लंबा अनुभव भी है। यह हमारे दल के हर कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा। इस साल जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं और मैं आज इस अवधि में काम करने वाली अनेक पीढ़ियों के लाखों कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मंच पर बैठे राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के अध्यक्ष कार्यकाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह जी के दौर में ही भाजपा पूर्ण बहुमत से केंद्र में आई। फिर अमित शाह जी के अध्यक्ष कार्यकाल में भाजपा दूसरी बार केंद्र में पूर्ण बहुमत से आई। फिर जेपी नड्डा जी की लीडरशिप में भाजपा संसद से पंचायत तक मजबूत हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां पद नहीं प्रक्रिया अहम होती है। मैं भले ही प्रधानमंत्री हूं और तीन बार से हूं। लेकिन मेरे लिए पार्टी का कार्यकर्ता होना सबसे बड़े गर्व की बात है। इसीलिए जब बात पार्टी की आती है तो मैं कार्यकर्ता हूं और माननीय नितिन नवीन जी मेरे बॉस हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *