March 6, 2026
IMG_20260125_112726

काशीपुर। वार्ड नंबर 16 में नालियों से अतिक्रमण हटाने और व्यापक सफाई हेतु नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई बरसात से पहले जलभराव की समस्या से निपटने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की मंशा से की गई है। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों ने नालियों में डाले जा रहे कूड़े, अवैध स्लैब और अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही बाजपुर बस अड्डा क्षेत्र में बसों के जरिए शहर का कूड़ा लाकर नालियों और सड़क किनारे डाले जाने पर नाराजगी जताई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाहे बस काशीपुर, जसपुर या बाजपुर से आ रही हो, किसी भी स्थिति में कूड़ा यहां नहीं डाला जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित बसों, उनके संचालकों, चेयरमैन या कमेटी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी दी गई कि यदि कोई बस कूड़ा डालते पकड़ी गई तो वही कूड़ा बस के अंदर वापस भरवाया जाएगा। टीम ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थान बस स्टैंड नहीं है और यहां किसी भी प्रकार की बस खड़ी नहीं होने दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पूरे शहर को गंदा करने का प्रयास सहन नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान व्यापारियों से अपील की गई कि वे बरसात से पूर्व अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों के आगे नालियों पर लोहे के जाल अवश्य लगाएं, ताकि सफाई कार्य सुचारू रूप से किया जा सके और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। सफाई निरीक्षक डॉ. मनोज बिष्ट ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब नौ महीनों से लोगों को लगातार समझाया जा रहा है कि वे नालियों पर लोहे के जाल लगाएं, ताकि नगर निगम द्वारा समय पर सफाई की जा सके और पानी भरने की समस्या न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग अपने घरों के चेंबर और शौचालय के पाइप खुले होने के कारण जाल लगाने से बचते हैं, लेकिन निगम हर समस्या के समाधान के लिए मौके पर मौजूद है। नाला सफाई अभियान के दौरान उपस्थित वार्ड नंबर 16 के पार्षद मनोज जग्गा ने कहा कि वे इस सफाई अभियान के लिए महापौर दीपक बाली का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने बरसात से पहले ही नालियों और नालों की तलीझाड़ सफाई पर ध्यान दिया। हालांकि, उन्होंने वार्ड 16 में विकास सिनेमा के सामने स्थित नाले की समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि एक स्थान पर करीब 30 फीट तक नाला बना ही नहीं है, जिससे आगे जाकर नाला बंद हो जाता है और पानी की निकासी नहीं हो पाती। पार्षद जग्गा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में महापौर को पत्र लिखकर मांग की है कि पहले नाले का निर्माण कराया जाए, ताकि सफाई अभियान का पूरा लाभ मिल सके और पानी की निकासी सही ढंग से रेलवे वाले नाले तक हो सके। उन्होंने कहा कि सफाई निरीक्षक और व्यापारी सहयोग कर रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए नाले का निर्माण बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *