काशीपुर। वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विनोद भगत की तीसरी पुस्तक कहानी संग्रह ‘दरकते सपने’ का गणतंत्र दिवस के अवसर पर महापौर दीपक बाली, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा तथा मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से विधिवत विमोचन किया गया। आपको बता दें किकहानी संग्रह ‘दरकते सपने’ में कुल 26 कहानियां शामिल हैं, जो समकालीन समाज के यथार्थ, आमजन के संघर्ष, टूटते सपनों और सामाजिक विसंगतियों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती हैं। प्रतिष्ठित लेखक विनोद भगत ने अपनी कहानियों के माध्यम से समाज के उन पहलुओं को उजागर करने का प्रयास किया है, जिन पर अक्सर चर्चा नहीं होती, लेकिन जो आम जीवन की सच्चाई हैं। संग्रह की कहानियां पाठकों को सोचने पर मजबूर करती हैं और समाज के भीतर चल रही हलचलों का आईना बनती हैं।
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का कार्य करता है और विनोद भगत की यह कृति सामाजिक चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा ने कहा कि ऐसे साहित्यिक प्रयास नई पीढ़ी को सोचने और समझने की प्रेरणा देते हैं। वहीं मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा साहित्य समय की मांग है। कार्यक्रम के दौरान साहित्यप्रेमियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने लेखक को उनकी तीसरी पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं। ‘दरकते सपने’ न केवल एक कहानी संग्रह है, बल्कि यह समाज के भीतर छिपी पीड़ाओं, आशाओं और संघर्षों का सशक्त दस्तावेज भी है, जो पाठकों को लंबे समय तक सोचने पर विवश करेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले श्री भगत दो पुस्तकों (पेट की आग, बारिश की एक बूंद) के माध्यम से पाठकों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ चुके हैं। निश्चित ही उनकी तीसरी पुस्तक ‘दरकते सपने’ कहानी जगत में मील का पत्थर साबित होगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
