March 6, 2026
Screenshot_2026-01-13-14-26-35-33

बाजपुर। जनसेवा केंद्र संचालक पर एक महिला के बैंक खाते में आए लोन के 6 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकालने का आरोप लगा है। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़िता ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। ग्राम महेशपुरा निवासी नरगिस पत्नी हसनैन अली ने एसडीएम को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा से 6 लाख का लोन लिया था। चूंकि नरगिस और उनके पति पढ़े-लिखे नहीं हैं, इसलिए वे लोन की राशि चेक करने के लिए गांव में ही स्थित जनसेवा केंद्र जाते थे। पीड़िता का आरोप है कि केंद्र संचालक ने लोन की रकम आने की जानकारी छिपाए रखी। वह हर बार अंगूठा फिंगर प्रिंट मशीन पर लगवाता और कहता कि अभी पैसे नहीं आए हैं। जब पीड़िता ने बैंक जाकर जानकारी ली, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके खाते में लोन के पैसे काफी समय पहले आ चुके थे और जनसेवा केंद्र के माध्यम से किस्तों में पूरी रकम निकाली जा चुकी है। इस संबंध में संचालक से पूछताछ की, तो उसने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने जालसाजी कर उनके पूरे पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए हैं। न्याय की गुहार लगाते हुए नरगिस ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर करीब 15 मिनट तक धरना दिया। इसके बाद उन्होंने कोतवाल नरेश चौहान से मुलाकात कर आपबीती सुनाई। कोतवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *