March 6, 2026
IMG_20260215_124403

काशीपुर। शिव और शक्ति के मिलन के पावन पर्व पर आज समूचे देवभूमि समेत पौराणिक नगर काशीपुर के श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही मंदिरों में कतारें लगी हैं। हरिद्वार से कांवर में पवित्र गंगाजल लेकर आए कांवरिया चैती मेला परिसर स्थित प्राचीन श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर, जसपुर खुर्द स्थित बांसियोवाला शिव मंदिर, मौहल्ला पक्काकोट स्थित श्री नागनाथ मंदिर में कांवर‌ चढ़ाने पहुंच रहे हैं। वहीं, मां मनसा देवी मंदिर, श्री शीतला माता मंदिर समेत विभिन्न शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग पर पंचामृत, गंगाजल, सफेद फूल, बेलपत्र, आखा फूल, कमल गंट्टा आदि अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जा रहा है। मोटेश्वर महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। जलाभिषेक के लिये शनिवार रात 12 बजे से कांवरियों व अन्य‌ शिवभक्तों की लाइन लगना शुरू हो गई थी। उधर, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चैती मैदान में महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया गया है। शनिवार को लगे मेले में आज दूसरे दिन श्रृद्धालुओं की अपेक्षाकृत भीड़ उमड़ी। लोगों ने खरीदारी करने के साथ ही खानपान का लुत्फ उठाया। खासकर, फलौरी की दुकानों पर‌ भीड़ लगी रही। इस दौरान भारी संख्या में तैनात पुलिस बल पूरी चौकसी बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *