March 6, 2026
IMG_20260217_201350

काशीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज होगी। उक्त उद्गार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं युवा और ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड प्रदेश लगातार नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भाजपा सरकार की योजनाओं से प्रदेश में हर वर्ग की जनता बेहद प्रसन्न है। समूचे प्रदेश में उद्योगों का जाल बिछा है। बिजली, पानी और सड़क के साथ ही अन्य कई मूलभूत सुविधाओं का जनता भरपूर लाभ उठा रही है। आयुष्मान योजना मरीजों के लिए संजीवनी का काम कर रही है। महिलाओं को उनके अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं और संसाधन सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं। अल्पसंख्यक समुदाय भी भाजपा सरकार की नीतियों से लाभान्वित हो रहा है। प्रदेश की विभिन्न तहसीलों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार बहुद्देशीय शिविर आयोजित किये जा रहे हैं, जिनमें उपस्थित भिन्न-भिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।‌ विरोधी दल, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता डा. यूनुस चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हर मामले में विरोध प्रदर्शन कर अपनी राजनीति चमकाने का भरपूर प्रयास करने में जुटी है, लेकिन जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है। भारतीय जनता पार्टी पर पूरा भरोसा करने वाली उत्तराखंड की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता सौंपने को आतुर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *