April 23, 2026
IMG-20260410-WA0081

काशीपुर। नगर निगम के वार्ड-31 अंतर्गत प्राचीन कुएं व धर्मशाला का जीर्णोद्धार कर मंदिर बनाने अथवा बैठने आदि की व्यवस्था करने के संबंध में नगर निगम मेयर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपा गया है। मेयर श्री बाली ने कुओं को जीवंत करने की अपनी योजना से अवगत कराते हुए कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि मौहल्ला कटोराताल में छावनी मोड़ के समीप पठानों वाली गली से सटी गली में एक प्राचीन कुआं है, जहां हिन्दू धोबी समाज की धर्मशाला भी थी, जिसमें हिन्दू धोबी समाज के लोग कई सामाजिक कार्य करते थे, लेकिन ये धर्मशाला अब जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। साथ ही यहां स्थित कुएं का पानी भी सफाई के अभाव में दूषित हो गया है। इस दौरान उपस्थित नारायण दास ने कहा कि चूंकि आप सनातन धर्म के बड़े पक्षधर हैं, अतः आपसे आग्रह है कि हिन्दू धोबी समाज की इस प्राचीन धर्मशाला व कुएं का जीर्णोद्धार कर यहां मंदिर बनाने अथवा बैठने आदि की व्यवस्था करायें, ताकि हिन्दू धोबी समाज के लोग पुनः अपने समाज के कार्य सुचारू रूप से संचालित कर सकें। इस पर मेयर ने कहा कि यह वार्ड-31 का ही मामला नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार उन्होंने काशीपुर के सभी कुओं के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है। इसके अंतर्गत न सिर्फ कुओं का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, बल्कि अतिक्रमण से भी कुओं को मुक्त कराकर इनका स्वरूप जीवंत किया जाएगा, ताकि सनातनी जन पूर्व की भांति यहां अपने मंगल कार्य संपन्न कर सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में भूकनलाल दिवाकर, नारायणदास, मुख्तार खान, जलील खां, सुरेश कुमार दिवाकर, रामगोपाल, कमल, राजेश कुमार, कैलाश कुमार, राजीव कुमार, संजय आदि तमाम लोग थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *