काशीपुर। राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से रामनगर से देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। इसके लिए जनता सांसद बलूनी की प्रशंसा कर रही है। साथ ही मांग कर रही है कि काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन का निर्माण भी अतिशीघ्र आरंभ किया जाए, ताकि काशीपुर से देहरादून पहुंचने में 50 से 60 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़े, जिससे लगभग एक-डेढ़ घंटे की वक्त की बचत हो सकेगी। इस नई रेल लाईन के निर्माण से काशीपुर क्षेत्र के साथ-साथ काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं आदि क्षेत्र की ट्रेन भी इस नये रूट से गुजरेंगी तो उन्हें भी इसका अधिक लाभ मिल सकेगा, क्योंकि बाया मुरादाबाद जाने से यह दूरी काफी अधिक हो जाती है। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से रामनगर और देहरादून के लोग सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। इस मांग को राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने तरजीह दी और उनके प्रयासों से इसके लिए रेलवे की ओर से मंजूरी मिल गई। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी, लेकिन इस बीच एक अहम बात ये है कि यह ट्रेन मुरादाबाद होकर देहरादून जाएगी और करीब एक-डेढ़ घंटे का अतिरिक्त समय लगेगा, जबकि अगर काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन निर्माण हो जाए तो यह वक्त बच सकेगा। दीगर है कि काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन का सर्वे कई बार हो चुका है। लगभग चालीस साल से सर्वे की चर्चा के चलते दो वर्ष पूर्व ये खबर अखबारों की सुर्खियां बनी कि रेल मंत्री ने इस नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। जल्द ही निर्माण आरंभ हो जाएगा। लेकिन धरातल पर आज भी ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा है। काशीपुर की जनता का कहना है कि सांसद अजय भट्ट समेत काशीपुर विधायक और मेयर के साथ ही सत्तापक्ष एवं विपक्ष के नेताओं को इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाना चाहिए। काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन बनने से उत्तराखंड के काशीपुर, हल्द्वानी और अन्य क्षेत्रों का बड़ा फायदा होगा। यहां पर्यटन के बढ़ने से रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस रेल लाइन के बन जाने से जहां हरिद्वार व देहरादून जाने की दूरी कम होगी वहीं काठगोदाम, लालकुआं क्षेत्र से पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों को भी कम दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे यात्रियों के समय और धन दोनों की बचत हो सकेगी। काशीपुर से अन्य ट्रेनों के गुजरने से भी यहां की जनता को इसका लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा काशीपुर से धामपुर तक का वह क्षेत्र भी रेल सम्पर्क से जुड़ जायेगा, जो दशकों से इस रेल लाइन के निर्माण की आस लगाये बैठा है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
