काशीपुर। एक क्लीनिक को आयुर्वेदिक बताकर एलोपैथिक दवाइयां देने संबंधी शिकायत पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष विभाग, जिला उधम सिंह नगर द्वारा उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में आज दोपहर करीब एक बजे यहां लक्ष्मीपुर पट्टी मझरा रोड पर हनुमान मंदिर के पीछे गली में स्थित मुकेश हेल्थ केयर सेंटर पर छापामार कार्रवाई की, जो कि समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
मौहल्ला पक्काकोट, सैनी कॉलोनी काशीपुर निवासी अश्वनी कुमार सैनी एडवोकेट ने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष विभाग, जिला उधम सिंह नगर को शिकायत-पत्र देकर बताया कि काशीपुर में लक्ष्मीपुर पट्टी मझरा रोड पर हनुमान मंदिर के पीछे गली में डॉ. मुकेश कुमार द्वारा “मुकेश हेल्थ केयर सेंटर आयुर्वेदिक हेल्थ सेवा केंद्र” नाम से क्लीनिक संचालित किया जा रहा है। क्लीनिक के बोर्ड, पर्चे एवं प्रचार सामग्री में स्पष्ट रूप से आयुर्वेदिक उपचार का दावा किया जाता है, किन्तु वास्तविकता यह है कि मरीजों को उपचार के नाम पर मुख्यतः एलोपैथिक (अंग्रेज़ी) दवाइयां दी जाती हैं। इस प्रकार जनता को भ्रमित किया जा रहा है तथा आयुर्वेद पद्धति के नाम का अनुचित उपयोग किया जा रहा है। शिकायत-पत्र में संलग्न पर्ची एवं अन्य दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा गया कि इससे यह स्पष्ट होता है कि क्लीनिक स्वयं को आयुर्वेदिक केंद्र बताता है, जबकि व्यवहार में अंग्रेज़ी दवाओं का उपयोग किया जा रहा है। कहा गया कि यदि संबंधित चिकित्सक के पास एलोपैथिक चिकित्सा करने हेतु वैध प्राधिकरण नहीं है, तो यह नियमों का उल्लंघन हो सकता है।
एडवोकेट अश्वनी कुमार सैनी की शिकायत का संज्ञान लेते जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष विभाग, जिला उधम सिंह नगर डॉ. आलोक कुमार शुक्ला ने आज दोपहर करीब एक बजे उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला और पुलिस की मौजूदगी में उक्त क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की। समाचार लिखे जाने तक जांच-पड़ताल जारी थी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
