काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नई प्राचार्य के रूप में डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय के कार्यभार ग्रहण करने पर महाविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. आत्रेय को पुष्पगुच्छ भेंट कर व मिठाई खिलाकर बधाई दी। स्वागत समारोह के दौरान सभी शिक्षकों एवं स्टाफ ने डॉ. आत्रेय के नेतृत्व में संस्थान के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक विकास की अपेक्षा व्यक्त की। कहा कि डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय का शिक्षा जगत में लंबा अनुभव और सकारात्मक कार्यशैली महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि “छात्राओं का सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्थान की उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाना मेरी प्राथमिकता होगी।” डॉ. आत्रेय ने कहा कि शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्राओं के सहयोग से महाविद्यालय को शिक्षा एवं संस्कार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संस्थान को अनुशासन, नवाचार और मूल्य आधारित शिक्षा का केंद्र बनाने पर जोर दिया। समारोह के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने नई प्राचार्या को स्मृति-चिन्ह एवं शुभकामना स्वरूप उपहार भेंट किए। वरिष्ठ प्राध्यापकों ने डॉ. आत्रेय के पूर्व शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उनके अनुभव को महाविद्यालय के लिए लाभकारी बताया। सभी ने नई प्राचार्या के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
