July 23, 2026
IMG_20260608_161247

देहरादून। 1650 करोड़ की लागत में तैयार हो रहे देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे पर बड़ी खुशखबरी है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जानकारी दी कि हाईवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा। बता दें कि 4 लेन वाले इस हाईवे से आप देहरादून से पांवटा साहिब महज 35 मिनट में पहुंच सकेंगे। यह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा। सीएम पुष्कर धामी ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड में आधुनिक एवं सुदृढ़ सड़क अवसंरचनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। लगभग ₹1650 करोड़ की लागत से 4-लेन पांवटा साहिब–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नई गति प्रदान करेगी। इस हाईवे की कुल लंबाई करीब 44.8 किलोमीटर है। इसके शुरू होने के बाद देहरादून से पांवटा साहिब के बीच सफर काफी आसान हो जाएगा। अभी यह दूरी तय करने में करीब पौने दो घंटे लगते हैं, लेकिन नए हाईवे के चालू होने के बाद यह समय घटकर करीब 35 मिनट रह जाएगा। यह मार्ग हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से शुरू होकर सेलाकुई और प्रेमनगर होते हुए देहरादून के बल्लूपुर चौक तक पहुंचता है।
उत्तराखंड और हिमाचल को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग पांवटा साहिब–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-72) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। यह चार लेन हाईवे अंतिम चरण में है। परियोजना का 95 प्रतिशत से अधिक काम समाप्त हो गया है। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हाईवे पर कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यमुना नदी पर 1.17 किलोमीटर लंबा पुल बनाया गया है। इसके अलावा प्रेमनगर क्षेत्र में अंडरपास और फ्लाईओवर भी तैयार किए गए हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। इस परियोजना से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। साथ ही सेलाकुई और पांवटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्रों के बीच व्यापार और माल परिवहन भी तेज होगा। इससे स्थानीय लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।फोरलेन हाईवे का अंतिम बिंदु देहरादून का बल्लूपुर क्षेत्र है। वहीं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी देहरादून क्षेत्र में आकर जुड़ता है। इसके अलावा NHAI देहरादून में एक 12 किलोमीटर लंबा नया एक्सेस-कंट्रोल्ड बाइपास भी बना रहा है, जो झाझरा क्षेत्र से पांवटा साहिब–बल्लूपुर हाईवे को सीधे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) से जोड़ेगा। यह बाइपास आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास एक्सप्रेसवे में मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *