October 12, 2026
Screenshot_2026-10-12-14-27-37-81

हल्द्वानी/काशीपुर। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल), बिजली विजिलेंस और पुलिस की संयुक्त टीमों ने आज तड़के बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह पांच बजे से शुरू हुए इस अभियान में सात टीमों ने गांधीनगर, आजादनगर, नयी बस्ती और उजालानगर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान कुल 108 लोग बिजली चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़े गए, जिनमें भाजपा से जुड़ी एक नेत्री भी शामिल बताई जा रही हैं। अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। यूपीसीएल के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में देहरादून से भी विजिलेंस टीम हल्द्वानी पहुंची थी। निगम की ओर से सभी पकड़े गए लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, काशीपुर में बिजली विभाग के एसडीओ की तहरीर पर पुलिस ने मौहल्ला अल्ली खां निवासी मौ. शरीफ पुत्र सद्दीक तथा मौ. रईस पुत्र अब्दुल मजीद और आशियाना बिल्डिंग, मौहल्ला थानासाबिक निवासी पप्पी पुत्र अनीस खान के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में धारा 135 विद्युत अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *