संत समागम के प्रथम दिवस ‘मानवता के नाम संदेश’ में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने फरमाया कि देश-विदेश से संत-महापुरुषों के एकत्रित होने का मूल उद्देश्य मानव मन में आध्यात्मिक जागृति बनाए रखना है, ताकि जीवन के प्रत्येक पल को पूर्ण चेतना एवं परमात्मा के एहसास के साथ जिया जा सके। सतगुरु माता जी ने समझाया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, परिवार, समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए एक जागरूक वैश्विक नागरिक बनना चाहिए। जाति-पाति, भाषा, क्षेत्र अथवा स्वभाव के अंतर से ऊपर उठकर प्रत्येक इंसान को प्रेम, सम्मान और अपनत्व के भाव से स्वीकार करना ही सच्ची मानवता है।
सतगुरु माता जी ने आगे फरमाया कि वास्तविक आध्यात्मिक जागृति केवल विचारों या दिखावे तक सीमित नहीं होती, बल्कि हमारे व्यवहार, आचरण और सामाजिक कर्तव्यों में भी प्रकट होनी चाहिए। यह जागृति किसी एक क्षण या अवसर की बात नहीं, बल्कि जीवनभर बनाए रखने वाला भाव है। परिस्थितियाँ कैसी भी हों, परमात्मा की रज़ा को स्वीकार करते हुए प्रत्येक पल को उसके प्रसाद के रूप में प्रसन्नता, संतोष और कृतज्ञता के साथ जीना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।
समागम स्थल पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का स्वागत संत निरंकारी मंडल के जनरल सेक्रेटरी श्री सुखदेव सिंह जी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा मंडल की प्रधान श्रीमती राजकुमारी जी ने पुष्पहार अर्पित कर किया। वहीं, निरंकारी राजपिता रमित जी का अभिनंदन श्री एस. एल. गर्ग ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा श्री एच. एस. चावला ने पुष्पहार पहनाकर किया।
तत्पश्चात् सतगुरु माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी को पुष्पों से सुसज्जित खुली पालकी में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा के रूप में समागम पंडाल के मध्य से मुख्य मंच तक ले जाया गया। इस अवसर पर निरंकारी इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजिक एंड आट्र्स (NIMA) के 600 से अधिक विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम एवं मधुर स्वागत गीत की प्रस्तुति के माध्यम से दिव्य युगल का भावपूर्ण अभिनंदन किया। सतगुरु माता जी एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन सान्निध्य को पाकर श्रद्धालु भक्त भावविभोर हो उठे। दिव्य युगल ने अपने स्नेहपूर्ण आशीर्वाद से सभी को निहाल किया। समस्त वातावरण प्रेमाभक्ति और आध्यात्मिक आनंद से सराबोर रहा। विभिन्न संस्कृतियों, जातियों, धर्मों और भाषाओं से जुड़े श्रद्धालु सभी भेदभावों से ऊपर उठकर प्रेम एवं मानव-एकता के सूत्र में बँधे दिखाई दिए। यह मनोहारी दृश्य सतगुरु के प्रेम, सद्भाव और विश्वबंधुत्व के संदेश को साकार कर रहा था।

‘मानवता के नाम संदेश’ कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व समागम के प्रथम दिवस एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया जिसमें देशभर से आए मीडिया कर्मियों एवं पत्रकारों ने सहभागिता करते हुए निरंकारी संत समागम के आयोजन, उसकी आध्यात्मिक विचारधारा, उद्देश्यों एवं जनकल्याणकारी संदेश के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निसंदेह, 79वें वार्षिक निरंकारी संत समागम का यह प्रथम दिवस आध्यात्मिक जागृति, मानवता, सेवा और विश्वबंधुत्व की भावना को समर्पित रहा।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
