काशीपुर। ऊंचे और दुर्गम युद्ध क्षेत्र सियाचिन ग्लेशियर में तैनात नायब सूबेदार रमेश सिंह रावत की ब्रेन हेमरेज होने से मौत हो गई। वह पिछले दो माह से चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती थे। सेना के वाहन से उनका शव काशीपुर स्थित आवास पर लाया गया, जहां सलामी के बाद सम्मान अंत्येष्टि की गई। मूलतः रिखणीखाल पौड़ी निवासी और जसपुरखुर्द स्थित नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 2, एकता कॉलोनी निवासी नायब सूबेदार रमेश सिंह रावत 16वीं गढ़वाल राइफल्स की बी कंपनी में कार्यरत थे। सियाचिन में तैनाती के दौरान अत्यधिक ठंड के कारण उनके दिमाग में रक्त क्लॉट हो गया था। विषम परिस्थितियों में उन्हें सेना के हैलीकॉप्टर से कमांड अस्पताल चंडीगढ़ लाया गया था, जहां पिछले दो माह से उनका इलाज चल रहा था। नायब सूबेदार रमेश सिंह रावत का पार्थिव शरीर सेना के वाहन से उनके निजी आवास एकता कालोनी लाया गया। आज दोपहर गंगे बाबा रोड स्थित श्मशान घाट पर सेना की टुकड़ी ने सशस्त्र सलामी दी। बाद में शव की अंत्येष्टि कर दी गई। नगर निगम महापौर दीपक बाली ने श्मशान घाट पहुंचकर दिवंगत सैनिक को पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। उन्होंने कहा कि देश के एक महान सपूत सैनिक का हमारे बीच से चले जाना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित रहे श्री रमेश सिंह रावत जी का निधन उनके परिवार, क्षेत्र एवं समस्त प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पार्षद अनिल कुमार समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
