March 6, 2026

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों और अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए जल्द पास व्यवस्था लागू होने जा रही है। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए 40 से अधिक सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए जाएंगे। अस्पताल में सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने के साथ ही ब्वाय और गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बुधवार शाम मेडिकल कॉलेज और सुशीला तिवारी अस्पताल के विभागाध्यक्षों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा अधिकारी और हॉस्टल अधीक्षकों के साथ आंतरिक सुरक्षा को लेकर बैठक की गई। बैठक में कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया गया। तय हुआ कि डाॅक्टरों और स्टॉफ की सुरक्षा और पेट्रोलिंग के लिए जल्द नए गार्ड तैनात किए जाएंगे। मेडिकल काॅलेज में बाउंड्री वॉल बनाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के अलावा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीएस तितियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *