March 6, 2026

हल्द्वानी। विद्युत यांत्रिक खंड लोक निर्माण विभाग भीमताल के सहायक अभियंता दुर्गेश पंत को विजिलेंस की टीम ने 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी अनिल सिंह मनराल ने बताया कि एक ठेकेदार ने शिकायत दर्ज की थी कि उसकी ओर से विद्युत यांत्रिकी खंड लोनिविभाग भीमताल में कोटेशन कार्यादेश के आधार पर तीन लाख रुपये का कार्य उच्च न्यायालय आवासीय परिसर में किया था। इसके भुगतान के एवज में सहायक अभियंता 10,000 रुपये मांग रहा था। सतर्कता अधिष्ठान के हल्द्वानी सेक्टर के निरीक्षक भानु प्रकाश आर्य के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को हल्द्वानी तिकोनिया स्थित अधीक्षण अभियंता लोनिवि के कार्यालय परिसर से सहायक अभियंता दुर्गेश पंत को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद टीम की ओर से अभियुक्त के कार्यालय और आवास की तलाशी और अन्य स्थानों पर चल-अचल संपत्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *