April 23, 2026
Screenshot_2025-06-21-12-09-43-42

रुद्रपुर (सू.वि.)। जनपद में 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जनपद में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम मनोज सरकार स्टेडियम वेलोड्रोम व गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय में आयोजित किये गये, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाडियों सहित आम नागरिकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मंत्री कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण व ग्राम विकास एवं प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने योगाभ्यास के बाद कार्यक्रम में संबोधित करते हुए 11वें अन्तराष्ट्रीय योग दिवस की सभी को बधाई दी और कहा कि करें योग रहें निरोग। उन्होंने कहा कि योग का मतलब जोड़ना है, 175 देशों को जोड़ने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। उत्तराखण्ड योग की जननी है योग से जहां मनुष्य का शरीर स्वस्थ होता वहीं मन भी स्वस्थ होता है, इसलिए योग करना अतिआवश्यक है। कई असाध्य रोग भी योग से ठीक होते हैं। उन्होंने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग कर रहा है, यह भारत की देन है। योग को भारत की प्राचीन कला भी मना जाता है। योग से मानसिक तनाव कम होता है व रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भारत योग गुरू के रूप में ही नहीं बल्कि वर्ष 2047 तक विश्व गुरू के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में योग दिवस के अवसर पर गैरसैंण में कई देशों के राजदूत योग करने के लिए पहुंचे है। मंत्री गणेश जोशी, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, विवेक सक्सेना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने योग कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ किया। साथ ही सभी ने 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई भी दी। मनोज सरकार स्टेडियम वेलोड्रोम में आयोजित योगभ्यास कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि योग कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। साथ ही प्रतिदिन की दिनचर्या में योग को शामिल कर स्वस्थ रहने हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जनपद मुख्यालय के साथ ही अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ व निरोग रहने के लिए अपनी जीवनशैली में योग को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर लचीला व मजबूत बनता है और रोग प्रतिरोधन क्षमता बढ़ने के साथ ही शारीरिक, मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि योग तनाव को दूर रखने व रक्त-सचांर को सही रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए सभी को अपनी दिनचर्या में योग को अवश्य शामिल करना चाहिए। नोडल अधिकारी एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक शुक्ला ने बताया कि इस बार 11वें अन्तराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन “एक पृथ्वी एक स्वास्थ” थीम पर मनाया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रम में लोगों द्वारा योगाभ्यास किया गया। आयुर्वेद विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योग आसन ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, जानु चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दण्डासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशसकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, शवासन तथा प्राणायाम कपालभांति, नाड़ीशोधन, शीतली, भ्रामरी आदि कराए गए। इस दौरान मतदाजा जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के अंतर्गत योग साधकों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी निर्वाचनों में मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। योग प्रशिक्षक तरूण सिंह बागड़वाल, सिनम ठकुराल व कविता द्वारा योगभ्यास करवाया गया। योग कार्यक्रमों में कुलपति पंतनगर विश्वविद्यालय डा. मनमोहन सिंह चौहान, उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण जय किशन, एसपी निहारिका तोमर, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एएसपी डा. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज शुक्ल, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत, युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, खेल अधिकारी जानकी कार्की, आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकन नेगी, शिक्षक, स्कूली बच्चे व गणमान्य, अधिकारी व आमजन शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *