October 22, 2026
Screenshot_2025-06-27-12-55-33-11

काशीपुर। उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध वर्ष 2024 में जनता की 174 शिकायतें राज्य के पुलिस शिकायत प्राधिकरणों को प्राप्त हुई। इसमें 18 शिकायतें अपर पुलिस अधीक्षक व इससे उच्च स्तर के अधिक के अधिकारियों की शिकायतों की जांच का अधिकार रखने वाले राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण तथा गढ़वाल मण्डल के सभी 7 जिलों की अपर पुलिस अधीक्षक के स्तर से नीचे के अधिकारियों, कर्मचारियों जांच का अधिकार रखने वाले जिला शिकायत प्राधिकरण देहरादून को 97 शिकायतें तथा कुमाऊं के सभी 6 जिलों की शिकायतों की जांच करने वाले हल्द्वानी जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण को मिली 59 शिकायतें शामिल हैं। उक्त खुलासा सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन को राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करायी वार्षिक रिपोर्ट 2024 से हुआ।
काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उददीन ने पुलिस महानिदेशक कार्यालय उत्तराखंड के लोक सूचना अधिकारी से पुलिस शिकायत प्राधिकरणों के सम्बन्ध में सूचनायें चाही थी। पुलिस महानिदेशक कार्यालय के लोेक सूचना अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय द्वारा सूचना प्रार्थना पत्र को उत्तराखंड शासन के गृह विभाग तथा गृह विभाग के लोक सूचना अधिकारी ने राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को हस्तांतरित कर दिया। राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के लोक सूचना अधिकारी/वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सी0सी0 अन्थवाल ने अपने पत्रांक 07 से राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण द्वारा राज्य सरकार को प्रेषित वर्ष 2024 की वार्षिक रिपोर्ट की सत्यापित फोटो प्रति उपलब्ध करायी है। नदीम को उपलब्ध राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण की वार्षिक रिपोर्ट 2024 के शिकायत सम्बन्धी आंकड़ों के परिशिष्ट क के अनुसार वर्ष 2024 में राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को कुल 18 जिसमें 16 प्रकीर्ण शिकायतें शामिल हैं, प्राप्त हुई है। वर्ष के प्रारंभ में 22 शिकायतें अवशेष थी कुल 40 शिकायतों में 8 निस्तारित की गयी तथा 12 शिकायतें जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरणों को भेजी गयी तथा 20 शिकायतें वर्ष के अंत में शेष थी। नदीम को उपलब्ध रिपोर्ट के परिशिष्ट ’ख’ के अनुसार जिला शिकायत प्राधिकरण देहरादून को वर्ष 2024 में कुल 97 शिकायतें मिली, पूर्व की अवशेष 64 शिकायतें मिलाकर कुल 161 शिकायतों में वर्ष में 89 निपटायी गयी तथा 72 शिकायतें वर्ष के अन्त में शेष थी। नदीम को उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार ’’ग’’ के अनुसार जिला शिकायत प्राधिकरण हल्द्वानी को वर्ष 2024 में कुल 59 शिकायतें मिली, पूर्व की अवशेष 21 शिकायतें मिलाकर कुल 80 शिकायतों में से 67 का निपटारा किया गया तथा 13 शिकायतें वर्ष के अंत में अवशेष थी। राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण की अध्यक्ष न्यायमूर्ति एनएस धानिक, सदस्यगण पुष्पन ज्योति, अजय जोशी तथा एमसी तिवारी की पीठ ने वर्ष 2024 में एक शिकायत में अपर पुलिस अधीक्षक के उच्च स्तर के अधिकारियों को अवचार का दोषी पाते हुये उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की सिफारिश की हैं जबकि देहरादून जिला शिकायत प्राधिकरण की अध्यक्ष केडी भट्ट, सदस्य एसएस वल्दिया तथा डा0 केआर नैथानी की पीठ ने कुल 5 मामलों में 1 निरीक्षक, 3 उपनिरीक्षकों तथा 2 कांस्टेबलों के विरूद्ध कार्यवाही की सिफारिश की है, जबकि हल्द्वानी जिला पुलिस शिकायत प्राधिकरण की अध्यक्ष आरडी पालीवाल, सदस्य बीएस मर्ताेलिया तथा डीसी तिवारी के कुल 4 मामलों में 2 थानाध्यक्षों, 3 उपनिरीक्षकों तथा 1 कांस्टेबिल के विरूद्ध कार्यवाही की सिफारिश की है। पुलिस शिकायत प्राधिकरण की वार्षिक रिपोर्ट के परिशिष्टों के अनुसार जिलावार शिकायतों में राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण को मिली कुल 18 शिकायतों में देहरादून जिले से 6, हरिद्वार जिले से 7, उधमसिंह नगर जिले में 4 तथा नैनीताल जिले से 1 शिकायत मिली है। जिला शिकायत प्राधिकरण देहरादून को वर्ष 2024 में मिली 97 शिकायतों में सर्वाधिक 50 हरिद्वार जिले से तथा 43 देहरादून जिले से मिली है तथा 1-1 शिकायत रूद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली तथा अन्य प्रदेश से मिली है। पौड़ी व उत्तरकाशी जिलों से कोई शिकायत नहीं मिली है। जिला शिकायत प्राधिकरण हल्द्वानी को मिली कुल 59 शिकायतों में सर्वाधिक 36 उधमसिंहनगर, 18 नैनीताल, 2 अल्मोड़ा जिले से मिली हैं तथा 1-1 शिकायत बागेश्वर, चम्पावत तथा पिथौरागढ़ जिले से मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *