काशीपुर। ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह के आवास पर पहुंचे मेयर दीपक बाली ने आज परिजनों की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मोबाइल पर वार्ता कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले में दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता व सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।डीजीपी, गृह सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। परिजनों ने मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान केवल न्याय की मांग की और कहा कि उन्हें सरकार पर पूरा भरोसा है कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाएगी। मेयर दीपक बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, जमीन और धन से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामलों की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। परिजनों की सुरक्षा को लेकर मेयर बाली ने मौके पर मौजूद एएसपी और सीओ से तत्काल सुरक्षा कर्मी तैनात करने की बात कही, जिस पर तुरंत अमल किया गया। यहां एसडीएम अभय प्रताप सिंह, एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ दीपक कुमार, तहसीलदार पंकज चंदोला, भाकियू युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जीतू, मुकेश चावला, संदीप मोनू, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगजीत सिंह हैप्पी, जसपाल सिंह जस्सी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
