April 23, 2026
IMG-20260412-WA0049

काशीपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समाज समिति काशीपुर के पदाधिकारियों द्वारा नगर निगम रोड स्थित पार्क व्यू रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित कर अंबेडकर संदेश शोभायात्रा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अंबेडकर संदेश शोभायात्रा के संस्थापक जितेंद्र देवांतक ने बताया कि मंगलवार, 14 अप्रैल को काशीपुर में आयोजित भव्य शोभायात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्मोत्सव समारोह समिति के कार्यकर्ता लगभग डेढ़ माह से उक्त शोभायात्रा की तैयारी में जुटकर इसे भव्यता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे थे। देवांतक ने बताया कि इस शोभायात्रा का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को शोषित वंचित समाज के अतिरिक्त सर्व समाज में प्रसारित करना है। विगत वर्ष संपूर्ण नगरवासियों द्वारा शोभायात्रा के स्वागत सत्कार से शोषित वंचित समाज के लोगों में बहुत उत्साह है। इस बार बहुत अधिक संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं पुरुष और बच्चे हर्षोल्लास से शोभायात्रा में प्रतिभाग कर रहे हैं। अंबेडकर संदेश शोभायात्रा के अध्यक्ष सुक्लेश कुमार आजाद ने बताया कि इस बार शोभायात्रा की भव्यता हेतु आसपास के सभी क्षेत्र के रथों को आमंत्रित किया गया है, जिसमें शोषित वंचित समाज में कार्य करने वाले समस्त महापुरुषों की झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही शोषित वंचित समाज के प्रतीकात्मक ड्रेस में दिल्ली से आये ढोल-ताशे शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगे। सबसे अधिक संख्या में डीजे पर युवा, महिला, पुरुष इस पावन अवसर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे। समिति के महासचिव महिलाल गौतम द्वारा सभी लोगों से अपील की गई कि भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा समाज के हर वर्ग के लिए संविधान में अधिकार सुरक्षित किया और विशेषकर महिलाओं के लिए बाबा साहब अंबेडकर ने बहुत कार्य किया है। उन्होंने हर वर्ग के महिला, पुरुष और बच्चों से आहवान किया कि उक्त कार्यक्रम में प्रतिभाग कर बाबा साहब को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करें।
प्रेसवार्ता के दौरान समिति उपाध्यक्ष हर गुलाल गौतम, कोषाध्यक्ष शंकर सिंह, सदस्य जयपाल सिंह एवं कानूनी सलाहकार एडवोकेट अजीत सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *