July 23, 2026
Screenshot_2026-04-30-13-08-53-27

काशीपुर। वर्तमान विधायकों का कार्यकाल पूर्ण होने में लगभग एक वर्ष शेष है। लेकिन उन्हें प्राप्त हुई विधायक निधि में से 69 प्रतिशत विधायक निधि ही खर्च हुई है। मुुख्यमंत्री की तो प्रदेश के औसत से कम 47 प्रतिशत ही विधायक निधि दिसम्बर 2025 तक खर्च हुई है। नदीम उद्दीन एडवोकेट ने उत्तराखंड के ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से विधायक निधि खर्च सम्बन्धी विवरणों की सूचना मांगी थी। इसके उत्तर में उपायुक्त (प्रशासन) हेमन्ती गुंजियाल ने अपने पत्रांक 24553 के साथ वर्तमान विधायक निधि विवरण की फोटो प्रति उपलब्ध करायी है। उपलब्ध सूचना के अनुसार वर्ष 2022-23 से 2025-26 में माह दिसम्बर 2025 तक 1,31400 लाख की विधायक निधि उपलब्ध हुई लेकिन इसमें से केवल 69 प्रतिशत 91124.29 लाख की विधायक निधि ही खर्च हुई है जबकि 31 प्रतिशत 40261.71 लाख की विधायक निधि खर्च होने को शेष है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो चम्पावत विधानसभा से विधायक हैं, की 47 प्रतिशत विधायक निधि खर्च हुई है। जबकि अन्य मंत्रियों में चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महराज की 63 प्रतिशत, मंसूरी विधायक गणेश जोशी की 79 प्रतिशत, श्रीनगर विधायक धन सिंह रावत की 42 प्रतिशत, नरेन्द्र नगर विधायक सुबोध उनियाल की 54 प्रतिशत, सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य की 62 प्रतिशत तथा सितारगंज विधायक सौरभ बहुगणा की 89 प्रतिशत विधायक निधि खर्च हुई है। मार्च 2026 में नये मंत्री बने विधायकों में राजपुर रोड विधायक खजानदास की 82 प्रतिशत, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी की 55 प्रतिशत, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक की 64 प्रतिशत, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा की 88 प्रतिशत तथा भीमताल विधायक रामसिंह कैड़ा की 69 प्रतिशत विधायक निधि दिसंबर 2025 तक खर्च हो सकी है।
उत्तराखंड में सर्वाधिक विधायक निधि खर्च करने वाले विधायकों में प्रथम स्थान पर 92 प्रतिशत खर्च करने वाले फुरकान अहमद व रवि बहादुर, दूसरे स्थान पर 89 प्रतिशत खर्च करने वाले सरवत करीम, सौरभ बहुगुणा तथा गोपाल सिंह, तीसरे स्थान पर 88 प्रतिशत खर्च वाले प्रदीप बत्रा, राजकुमार पौरी, चौथे स्थान पर 85 प्रतिशत खर्च वाले उमेश शर्मा, ममता राकेश, सुमित हृदयेश, अरविन्द पाण्डे, पांचवें स्थान पर 83 प्रतिशत खर्च वाली ऋतु खण्डूरी हैं। उत्तराखंड के सबसे कम विधायक निधि खर्च होने वाले विधायकों में सबसे कम 30 प्रतिशत खर्च वाले किशोर उपाध्याय दूसरे स्थान पर 41 प्रतिशत खर्च वाले प्रमोद अग्रवाल, तीसरे स्थान पर 42 प्रतिशत खर्च वाले डाॅ. धन सिंह रावत, चौथे स्थान पर 47 प्रतिशत खर्च वाले पुष्कर सिंह धामी, खुशाल सिंह, यशपाल आर्य, रेणु बिष्ट, पांचवे स्थान पर 49 प्रतिशत खर्च वाले सुरेश गणिया है। प्रदेश के औसत 69 प्रतिशत से कम विधायक निधि खर्च वाले अन्य विधायकों में राजेन्द्र सिंह (51), प्रीतम सिंह (52), सुबोध उनियाल (54), शक्तिलाल (54), भरत सिंह (55), शैलारानी (56), दुर्गेश लाल (59), प्रमोद नौटियाल (60), रेखा आर्य (62), संजय डोमाल (62), सतपाल महाराज (63), विनोद चमोली (63), सुरेश चौहान, (63), मयूख महर (64), अनिल सिंह (64), मदन कौशिक (64), शहजाद (65), हरीश धामी (67), त्रिलोक सिंह चीमा (67), भोपाल राम (67) तथा सरिता कपूर (68) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *