हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को लेकर बड़ी बात कह दी। पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे रेवंत जी ने कहा था कि पॉलिटिकल बात नहीं करेंगे तो मैं भी नहीं करूंगा। इसलिए नॉन-पॉलिटिकल बात यह है कि 10 साल के शासन में भारत सरकार ने जितना गुजरात को दिया, वो मैं आपको देने के लिए तैयार हूं। लेकिन मेरी जानकारी से मैं आपको बता देता हूं कि जैसे ही मैं ऐसा करूंगा तो आपको अभी जो मिल रहा है, वो आधा हो जाएगा।’ उन्होंने हंसते हुए कहा कि आप जहां पहुंचना चाहते हैं, नहीं पहुंच पाएंगे। इसलिए अच्छा है कि मेरे से ही जुड़ो।इससे पहले, रेवंत रेड्डी ने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने 10 वर्षों में गुजरात मॉडल विकसित किया था। अब तेलंगाना के लोगों को भी उनसे ऐसी ही उम्मीद है कि आने वाले 10 वर्षों में तेलंगाना मॉडल तैयार होगा, जिससे राज्य 2034 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सके। उन्होंने कहा कि देश की कुल आबादी में तेलंगाना की हिस्सेदारी 3 प्रतिशत से भी कम है, लेकिन राज्य का लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी के 30 ट्रिलियन डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था के विजन को पूरा करने में 10 प्रतिशत जीडीपी योगदान देने का है।
पश्चिम एशिया संकट पर क्या बोले पीएम
वहीं, पश्चिम एशिया संकट के बीच पीएम मोदी ने कहा कि समय की मांग है कि पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल संयम के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि आयातित पेट्रो उत्पादों का इस्तेमाल केवल जरूरत के अनुसार होना चाहिए। इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के दुष्प्रभावों को कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आगे रहने वाले देशों में शामिल हुआ है। पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले 100 प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर केंद्रित थी और अब सस्ती पाइप्ड गैस आपूर्ति पर ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही सीएनजी आधारित व्यवस्था को भी तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि इन सभी प्रयासों की वजह से भारत वैश्विक ऊर्जा संकट का मजबूती से सामना कर पा रहा है। उन्होंने लोगों से पेट्रोल, गैस और डीजल जैसी चीजों का अत्यधिक सावधानी और संयम से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश सुधारों की तेज रफ्तार पर आगे बढ़ रहा है और साथ ही आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहा है। उन्होंने तेलंगाना के हर परिवार को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए और अधिक गति से काम करती रहेगी।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
