नई दिल्ली। दुनिया भर में वायरस के खतरों और जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच भारत में लॉकडाउन को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें तेज हो गई हैं। मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर फेक PDF और मैसेज वायरल हो रहे हैं। ऐसे में साइबर एक्सपर्ट्स ने चेतावनी जारी की है अगर किसी के फोन पर ऐसे WAR LOCKDOWN NOTICE.pdf जैसे पीडीएफ या इससे संबंधित कुछ भी आता है, तो उसे बिल्कुल भी डाउनलोड न करें।
एक्सपर्ट्स के अनुसार हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्क फ्रॉम होम संस्कृति और ईंधन बचाने की जरूरत पर जोर दिया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक मैसेज वायरल हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि पीएम के इस बयान के बाद स्कैमर्स एक्टिव हो गए हैं और वो इन संदेशों के साथ फेक सरकारी नोटिस और पीडीएफ फाइल शेयर करके लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
यह नया साइबर स्कैम कैसे काम कर रहा?
साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, स्कैमर्स सरकारी आदेश जैसे दिखने वाले नकली PDF तैयार कर रहे हैं। इनमें फर्जी सरकारी भाषा, नकली आदेश और सरकारी प्रतीकों जैसी तस्वीरों का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि वे असली लगें। इसके बाद यूजर के पीडीएफ डाउनलोड करते या एम्बेडेड लिंक पर क्लिक करते ही जैसे फाइल ओपन होगी, वैसे ही डिवाइस मैलवेयर या फिशिंग अटैक का शिकार हो सकता है।
बैंक डिटेल्स और OTP तक पहुंचने की कोशिश
कई मामलों में देखा गया है कि इस पीडीएफ के जरिए स्कैमर्स यूजर्स को फेक वेबसाइट्स पर भेज देते हैं। जहां उनसे बैंक डिटेल्स, OTP, कार्ड जानकारी या पर्सनल डेटा मांगा जाता है। साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि आजकल ऑनलाइन फ्रॉड पहले से ज्यादा एडवांस और खतरनाक हो चुके हैं। अब साइबर ठग सिर्फ फेक SMS तक सीमित नहीं हैं। वे लोगों की भावनाओं और डर का फायदा उठा रहे हैं।कोविड लॉकडाउन की पुरानी यादों की वजह से ऐसे मैसेज बहुत तेजी से वायरल हो जाते हैं। कई केस में लोगों के व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने, बैंक फ्रॉड होने, निजी डेटा चोरी हाेने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इतना ही नहीं वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराकर पैसे तक ट्रांसफर करवाए गए है।
PDF हमेशा सुरक्षित नहीं होती
एक्सपर्ट्स का कहना है कि हर PDF खतरनाक नहीं होती, लेकिन कई फाइलों में संदिग्ध लिंक, हिडन स्क्रिप्ट और मैलवेयर कोड छिपे हो सकते हैं। अगर फोन अपडेट नहीं है, तो यह खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
सुरक्षा के लिए क्या करें यूजर्स ?
ऐसे मामलों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। इससे बचने के लिए नीचे बताई गई इन गाइडलाइंस को फॉलो जरूर करें…
बिना वेरिफिकेशन डाउनलोड न करें : व्हाट्सएप या किसी भी अन्य प्लेटफॉर्म पर आने वाले किसी भी लॉकडाउन संबंधी PDF या नोटिस को बिना जांचे न तो डाउनलोड करें, न ओपन करें और न ही आगे फॉरवर्ड करें।
आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें: सरकार का कोई भी आदेश या एडवाइजरी हमेशा सरकार की आधिकारिक वेबसाइट्स या विश्वसनीय समाचार चैनलों पर ही कंफर्म करें।
सुरक्षित रहें : याद रखें कि स्कैमर्स आपके डर और भावनाओं का इस्तेमाल करके आपको ठगना चाहते हैं। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपने डिवाइस को हमेशा अपडेट रखें।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
