देहरादून। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ( TRAI ) ने उत्तर प्रदेश (पश्चिम) लाइसेंस सेवा क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर शहरों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का स्वतंत्र आंकलन किया है। अप्रैल 2026 में किए गए इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा प्रदान की जा रही वॉयस और डेटा सेवाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करना था। स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के दौरान, ट्राई, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड प्रदर्शन आदि प्रमुख सेवा गुणवत्ता मापदंडों के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रदर्शन को रिकॉर्ड करता है, जिन्हें बाद में उपभोक्ताओं को सूचित करने और सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवा में सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
*कहां कहां किए टेस्ट*
ट्राई ने अपनी निर्धारित एजेंसी के माध्यम से 6 अप्रैल 2026 से 9 अप्रैल 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश पश्चिमी क्षेत्र में रुद्रपुर, हल्द्वानी और काशीपुर शहरों में 408 किलोमीटर (सिटी ड्राइव), 14 हॉटस्पॉट स्थानों और 3.2 किलोमीटर (वॉक टेस्ट) संचालित किया। ये परीक्षण ट्राई के भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के परिवीक्षण में किए गए।
*नेटवर्क का मूल्यांकन*
TRAI ने 6 से 9 अप्रैल 2026 के बीच 408 किलोमीटर के सिटी ड्राइव टेस्ट, 14 हॉटस्पॉट स्थानों और 3.2 किलोमीटर के वॉक टेस्ट के माध्यम से नेटवर्क गुणवत्ता की जांच की। परीक्षण में एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया (Vi) के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क का मूल्यांकन किया गया।
*क्या है रिपोर्ट में?*
रिपोर्ट के अनुसार डेटा डाउनलोड प्रदर्शन में जियो की औसत डाउनलोड गति 246.69 एमबीपीएस दर्ज की गई, जबकि एयरटेल की 154.21 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 45.15 एमबीपीएस और बीएसएनएल की मात्र 9.49 एमबीपीएस रही। अपलोड स्पीड में भी जियो 28.59 एमबीपीएस, एयरटेल की औसत अपलोड स्पीड 28.18 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया की 14.10 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 4.09 एमबीपीएस दर्ज की गई। इस तरह जियो की सर्विस सबसे बेस्ट रही।
*कवरेज गैप किसका ज्यादा?*
नेटवर्क कवरेज के मामले में बीएसएनएल के 54,757 नमूनों में से 11,090 नमूनों में सिग्नल निर्धारित न्यूनतम स्तर से नीचे पाया गया। इसके मुकाबले एयरटेल में 2,512, जियो में 1,944 और वोडाफोन आइडिया में केवल 835 कवरेज गैप दर्ज किए गए।
*कॉल ड्रॉप दर में कौन आगे?*
कॉल ड्रॉप दर के मामले में भी बीएसएनएल का प्रदर्शन अन्य कंपनियों की तुलना में कमजोर रहा। सफलतापूर्वक स्थापित 472 कॉलों में से 30 कॉल ड्रॉप हुईं। एयरटेल में 511 में से 2, जियो में 476 में से 3 और वोडाफोन आइडिया में 507 में से 2 कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं। कॉल के दौरान तीन सेकंड से अधिक समय तक आवाज न आने की घटनाओं (कॉल साइलेंस इंस्टेंस) में एयरटेल में 23, बीएसएनएल में 22, जियो में 5 और वोडाफोन आइडिया में 16 मामले सामने आए।
*इन जगहों पर ड्राइव टेस्ट!*
ड्राइव टेस्ट में रुद्रपुर, किच्छा, गदरपुर, दिनेशपुर, हल्द्वानी, काठगोदाम, ट्रांसपोर्ट नगर, गोरापड़ाव, मोटाहल्दू, काशीपुर, रामनगर, सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों को शामिल किया गया। इसके अलावा सरकारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी, पंतनगर एयरपोर्ट, काशीपुर रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी बस स्टेशन, चौक बाजार हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख हॉटस्पॉट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी नेटवर्क गुणवत्ता की जांच की गई।
*कहां करें सम्पर्क?*
TRAI ने बताया कि जांच के निष्कर्ष संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर दिए गए हैं ताकि वे आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा सकें। विस्तृत रिपोर्ट TRAI की वेबसाइट www.trai.gov.in पर उपलब्ध हैं। किसी भी स्पष्टीकरण या अतिरिक्त जानकारी के लिए, adv.bhopal@trai.gov.in पर ईमेल भेजा जा सकता है या भोपाल स्थित ट्राई के क्षेत्रीय कार्यालय से +91-755-2575501 पर संपर्क किया जा सकता है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
