July 3, 2026
Screenshot_2026-07-03-14-44-05-93

देहरादून। यहां एक पॉश इलाके में एक साल पहले डायमंड की अंगूठियां और गहनों का सेट चोरी हो गया था। इसकी फोटो अब नौकरानी के वॉट्सएप स्टेटस पर दिखी। स्टेटस देखते ही मालकिन ने अपने गहनों को पहचान लिया और तुरंत स्क्रीनशॉट ले लिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आज पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कुछ गहने भी बरामद किए गए हैं। जाखन स्थित दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहने वाली नितीशा वत्स के घर से करीब एक साल पहले दो डायमंड की अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक डायमंड हार्ट पेंडेंट चोरी हो गया था। गहने गायब होने पर नितीशा को अपनी तत्कालीन नौकरानी विमला देवी पर पूरा शक था। जब नितीशा ने उससे पूछताछ की, तो विमला ने खुद पुलिस के पास चलने की बात कहकर इतना गहरा आत्मविश्वास दिखाया कि मकान मालकिन बेबस हो गईं।
नितीशा को लगा कि शायद वे खुद ही गहने कहीं रखकर भूल गई हैं और उन्होंने इसे अपनी ही गलती मान लिया था। समय बीता और नितीशा आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन्स अपार्टमेन्ट में शिफ्ट हो गईं। बीती 29 जून की सुबह नितीशा ने सोशल मीडिया स्क्रॉल किया, तो वह दंग रह गईं। पूर्व नौकरानी विमला देवी ने चोरी की हुई वही सोने की चेन और डायमंड हार्ट पेंडेंट पहनकर इंस्टाग्राम पर कई रील्स बनाई थीं और वॉट्सऐप स्टेटस भी लगाया हुआ था। रील्स चमकाने के चक्कर में विमला खुद ही चोरी का पुख्ता सबूत दे बैठी। गहने पहचानते ही नितीशा ने तुरंत विमला के वॉट्सऐप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील्स के स्क्रीनशॉट ले लिए। इसके बाद उन्होंने गहनों के पुराने बिल निकाले और 29 जून की शाम को ही जाखन पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दे दी। शिकायत देने के बाद भी तीन दिन तक आरोपी नौकरानी को पूछताछ के लिए नहीं बुलाया जा सका। नितीशा को बताया गया कि चौकी प्रभारी देहरादून में नहीं हैं और महिला कांस्टेबल के अभाव में कार्रवाई रुकी हुई है। इसी बीच नितीशा को आरोपी के पिता का फोन आया, जिससे उन्हें डर था कि कहीं गहने बेच न दिए जाएं। आखिरकार मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने बुधवार 1 जुलाई की रात 11:55 बजे भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305(a) के तहत केस दर्ज किया। आरोपी महिला को आज गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *