बाजपुर। राज्य सरकार की सिख समुदाय के लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए जाने की कार्रवाई के विरोध में रविवार को गुरुद्वारा सिंह सभा के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें सिख समाज और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार की इस कार्रवाई को एक विशेष रणनीति और षड्यंत्र का हिस्सा बताते हुए आक्रोश जताया। साथ ही दस दिनों में जमा शस्त्र वापस न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। बाजपुर गुरुद्वारा साहिब में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कई शस्त्र ऐसे हैं, जो पिछले 20 वर्षों से उनके पास हैं। सरकार जांच के नाम पर इन्हें जमा करा रही है। उन्होंने साफ किया कि यदि सरकार शस्त्रों की जांच करना चाहती है तो जरूर करे, लेकिन शस्त्रों को अपने पास रखने दिया जाए। आज तक कभी भी लाइसेंसी शस्त्रों का दुरुपयोग नहीं किया गया है। बैठक में इस बात पर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया कि शस्त्र जमा करने के नाम पर कुछ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। वक्ताओं ने मांग की कि यदि धाराएं लगानी ही हैं तो उन अधिकारियों पर भी लगाई जाएं, जिन्होंने इन शस्त्रों के लाइसेंस जारी किए थे। वहीं दर्जाधारी मंजीत सिंह राजू ने सिख संगठनों को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और किसी के भी खिलाफ कोई गलत कार्रवाई या उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।गुरुद्वारा सिंह सभा के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा ने कहा कि उन्हें सरकार पर भरोसा है, इसलिए सिख समुदाय से जुड़े जनप्रतिनिधि उनकी बात को सरकार तक पहुंचाएं और सिख समाज के शस्त्र वापस करवाएं। यदि 10 दिनों के भीतर सिख समाज के जमा किए गए शस्त्र उन्हें वापस नहीं सौंपे गए तो एक अगस्त को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सरकार के खिलाफ अग्रिम आंदोलन की रणनीति तैयार होगी। वहीं हरमिंदर सिंह लाडी ने भी सरकार पर सवाल उठाए। बैठक में जगतार सिंह बाजवा, तेजेंद्र सिंह विर्क, विक्की रंधावा, हरप्रीत निज्जर, नवदीप कंग, सलविंदर सिंह कलसी, जोरावर भुल्लर, ज्ञानी हरदयाल सिंह, महेंद्र प्रधान, गुरप्रीत सिंह गोपी, प्रताप सिंह संधू, इकबाल चीमा, संतोख सिंह रंधावा, अमन सिंह ढिल्लों, अवतार सिंह सैनी, उपकार सिंह, सिमरन सिंह और हरदेव सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
