August 13, 2026
Screenshot_2026-08-13-16-15-36-51

काशीपुर। भारत रत्न स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 139वीं जयंती प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 10 सितंबर को प्रातः 10 बजे स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में हर्षोल्लास एवं श्रृद्धापूर्वक मनाई जाएगी। दिल्ली से आये भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती समारोह समिति के ललित मोहन भट्ट (चीफ कोऑर्डिनेटर उत्तराखंड)
राजेश कुमार (कोऑर्डिनेटर उत्तराखंड) ने यहां आयोजित किये जाने वाले समारोह के संबंध में जानकारी ली। गोविंद बल्लभ पंत समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। उधर, प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए समिति के सह संयोजक गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि वर्ष में एक बार पंत जयंती के अवसर पर पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाता है। इसके अलावा इस ओर ध्यान न दिये जाने से पार्क में वर्ष भर अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहता है। बच्चों के खेलने के लिए बनाया गया पंत पार्क अब सिर्फ नशा और लवर प्वाइंट बन गया है। पार्क का मेन गेट सौंदर्य विहीन होने के कारण नजर नहीं आता। यहां का शौचालय अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। लाइट व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। झूले भी खराब हैं। फव्वारा की हालत किसी से छिपी नहीं है। यह नियमित नहीं चलता। सफाई पंत जयंती आयोजन के दौरान ही होती है। उन्होंने बताया कि पंत जी की प्रतिमा पर रंग रोगन भी वर्ष में एक बार ही होता है। प्रतिमा के नीचे भी गंदगी व्याप्त है। गौतम मेहरोत्रा ने बताया कि पंत पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग पूर्व में प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन यह मांग आज तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर पंत पार्क की व्यवस्था में सुधार लाये जाने का आग्रह किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *