August 17, 2026
IMG-20260817-WA0089

काशीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की काशीपुर इकाई की मासिक बैठक रेलवे स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने की। इस दौरान पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में भारत पेंशनर्स समाज, नई दिल्ली तथा पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, गोरखपुर द्वारा जारी पुस्तक में शामिल उम्मीद कार्ड और एचएमआईएस के माध्यम से रेलवे पैनल में शामिल अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी पेंशनर्स को दी गई और पुस्तकें वितरित की गईं। काशीपुर इकाई के अध्यक्ष एसपी गुप्ता और सचिव एसएस सिन्हा ने कहा कि 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने तक बढ़ती महंगाई को देखते हुए पेंशनर्स को 20 प्रतिशत अंतरिम राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। उन्होंने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर प्रत्येक चरण में पांच प्रतिशत पेंशन वृद्धि की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के आदेश के बाद पेंशनर्स पूर्व की तरह छह माह तक मैनुअल पास ले सकते हैं। पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने रेलवे के पैनल अस्पतालों में इलाज के दौरान पेंशनर्स को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए चिकित्सा संबंधी जानकारी सरलता से उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने पेंशनर्स को हर छह माह में स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी तथा काशीपुर इकाई के विस्तार पर जोर दिया। पेंशनर्स संजय नंदा ने कहा कि पैनल अस्पतालों में जानकारी के अभाव में कई बार पेंशनर्स को परेशानी होती है। उन्होंने अस्पतालों के मुख्य द्वार पर संबंधित कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने की मांग की। कोषाध्यक्ष राजीव पाल ने पेंशनर्स से बकाया राशि जमा करने की अपील की। बैठक में रामायण शर्मा, ओमप्रकाश, राममूर्ति, मोहन, रहीश अहमद और गोविंद सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर संजय नंदा, सुभाष चंद्र घोषाल, एके मिश्रा, अमर सिंह, जेपी यादव, शिव प्रसाद, जेपी शर्मा, सुरेश कुमार, एमवाई सिद्दीकी सहित अन्य पेंशनर्स मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *