काशीपुर। उद्योगों में ऊर्जा की बचत के लिए अदिति योजना के तहत सोमवार को केजीसीसीआई चैंबर हाउस में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें योजना के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता मानदंड, वित्तीय सहायता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली की ओर से आयोजित सेमिनार का उद्देश्य पेपर एवं पैकेजिंग उद्योगों को ऊर्जा दक्ष तकनीक अपनाने, ऊर्जा खपत, लागत कम करने और उपलब्ध वित्तीय सहायता का लाभ उठाने के लिए जागरूक करना था। एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड के सहायक प्रबंधक (तकनीकी) अनिमेश अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अदिति योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अदिति केंद्रीय क्षेत्र की योजना है, जिसके तहत पात्र एमएसएमई को ऊर्जा दक्षता से संबंधित परियोजनाओं के लिए लिए गए ऋण पर ब्याज अनुदान दिया जाता है। छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को पाँच प्रतिशत तथा मध्यम उद्यमों को तीन प्रतिशत ब्याज अनुदान तीन वर्ष तक दिया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ऊर्जा दक्षता परियोजनाओं के लिए 10 लाख से 15 करोड़ रुपये तक के टर्म लोन का प्रावधान है। उद्यमियों को इन्वेस्टमेंट ग्रेड एनर्जी ऑडिट, ऊर्जा दक्ष तकनीकों के चयन, परियोजना क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग एंड वेरिफिकेशन और ब्याज अनुदान के दावे की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।कार्यशाला में बताया गया कि योजना का लाभ लेने के लिए एमएसएमई इकाई के पास वैध उद्यम रजिस्ट्रेशन नंबर होना जरूरी है। साथ ही प्रस्तावित ऊर्जा दक्षता उपायों से 10 प्रतिशत से अधिक ऊर्जा बचत होना अपेक्षित है। पात्र इकाइयां निर्धारित वाणिज्यिक बैंकों और अन्य पात्र वित्तीय संस्थानों एवं एनबीएफसी के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकती हैं। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के संयुक्त निदेशक समीर कुमार गुप्ता ने उद्योग प्रतिनिधियों से अपनी औद्योगिक इकाइयों में ऊर्जा दक्ष तकनीकों को अपनाने की संभावनाओं का आकलन करने और योजना के तहत उपलब्ध वित्तीय एवं तकनीकी सहायता का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। यहाँ केजीसीसीआई पेपर यूनिट चैप्टर के चेयरमैन संजीव जिंदल, उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण की परियोजना अधिकारी चांदनी बंसल, अतुल अग्रवाल, जगमोहन सिंह, आलोक भारद्वाज, विनय प्रताप राव, प्रदीप सिंह, मोहम्मद दानिश, आरसी पांडे, संदीप कुमार, प्रतीक कुमार, अर्पित सिंघल, सौरभ गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
