काशीपुर। केडीएफ तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र में दिन-प्रतिदिन काशीपुर के बच्चों की रुचि बढ़ती जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चे लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैडल और ट्रॉफियां जीतकर काशीपुर का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में बुलंदशहर में आयोजित अखिल भारतीय विद्या परिषद के “उत्तराखंड–उत्तरप्रदेश तीरंदाजी प्रतियोगिता” में केडीएफ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम को ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर के सहयोग से केडीएफ के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। केडीएफ के रुद्र प्रताप सिंह, अथर्व अग्निहोत्री एवं देव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैडल प्राप्त किए।इसी क्रम में हाल ही में सीबीएसई नॉर्थ जोन तीरंदाजी प्रतियोगिता, जो कोटद्वार में आयोजित हुई, उसमें भी केडीएफ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे साईं पब्लिक स्कूल, काशीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। अंश हरबोला एवं ऐश्वर्य डालाकोटी ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर काशीपुर को गौरवान्वित किया।आज केडीएफ पार्क में इन सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनके परिवारों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई ने सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन बच्चों की उपलब्धियां केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे काशीपुर के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि केडीएफ का सपना है कि काशीपुर की धरती पर ऐसे युवा खिलाड़ी तैयार हों जो धनुर्विद्या में अर्जुन जैसी निपुणता प्राप्त करें और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर का नाम रोशन करें। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए केडीएफ हर संभव प्रयास करता रहेगा। इस उपलब्धि का सबसे बड़ा श्रेय केडीएफ के तीरंदाजी प्रशिक्षक सूबेदार मेजर हेम चंद्र हरबोला को जाता है, जिनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण से केडीएफ की तीरंदाजी टीम लगातार नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रही है।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
