September 2, 2026
Screenshot_2026-09-01-07-50-09-23

काशीपुर। लक्ष्मण दत्त भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय का हार्ट केयर सेंटर 11 साल से हृदय रोग विशेषज्ञ के इंतजार में है। चिकित्सक न होने से केंद्र की सेवाएं बंद हैं और यहां उपलब्ध ईसीजी, टीएमटी व ईको जैसी जांच सुविधाएं भी बेकार पड़ी हैं। हृदय रोगियों को मजबूरन निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराना पड़ रहा है। रामनगर रोड स्थित अस्पताल परिसर में हार्ट केयर सेंटर का निर्माण वर्ष 1986 में सहकारी गन्ना समिति ने कराया था। तत्कालीन विदेश मंत्री एनडी तिवारी ने इसका शुभारंभ किया था। वर्ष 1997 में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बीसी जोशी ने कार्यभार संभाला और 25 जून 2015 तक सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल में प्रतिदिन करीब 200 मरीज ओपीडी में आते थे। केंद्र में मरीजों को भर्ती करने के साथ ईसीजी, टीएमटी और ईको जांच की सुविधा भी थी। डॉ. जोशी के जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब तक विशेषज्ञ की तैनाती नहीं कर सका है। लाखों रुपये की लागत की मशीनें बंद कमरों में धूल फांक रही हैं। मई में अस्पताल पहुंचीं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने भी विशेषज्ञ की तैनाती की बात कही थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
सीएमओ, ऊधमसिंह नगर डॉ. संजीव गोस्वामी ने कहा कि चिकित्सक के अभाव में हार्ट केयर सेंटर बंद होने के संबंध में मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा। महानिदेशक से संपर्क कर केंद्र को दोबारा संचालित करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती का आग्रह किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *