September 5, 2026
IMG-20260903-WA0122

काशीपुर। शिखर पब्लिक स्कूल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबन्धक और प्रधानाध्यापिका द्वारा दीप प्रज्वलन एवं श्री कृष्ण आरती के साथ हुई। जन्मोत्सव के दौरान राधा और कृष्ण की मनमोहक पोशाकें पहनकर आए प्राथमिक वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चे, आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। इस सांस्कृतिक उत्सव में छात्रों ने श्री कृष्ण के जीवन पर आधारित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘गोविंदा आला रे’ और ‘वो कृष्णा है’ जैसे प्रसिद्ध भजनों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबन्धक अश्वनी कुमार वर्मा ने विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों
को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि यह पावन पर्व हमारे जीवन में हर्ष, उल्लास और नई सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है। भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें अधर्म पर धर्म की विजय, कर्म का महत्व और निष्काम भाव से आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप सभी का जीवन उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और सफलता से परिपूर्ण रहे। हमारे प्यारे बच्चे श्री कृष्ण के बाल रूप की तरह सदा मुस्कुराते रहें, ऊर्जावान रहें और ज्ञान के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहें। आइए, हम सब मिलकर इस उत्सव को आनंद और भाईचारे के साथ मनाएं और भगवान कृष्ण के बताए कर्मयोग के रास्ते पर चलने का संकल्प लें।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने अपने संबोधन में सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्री कृष्ण के कर्मयोग के संदेश को अपने जीवन में उतारने और सदैव सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका श्रीमती कुसुम ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *