October 9, 2026
IMG_20261008_194120

रुद्रपुर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, AISATS और INDIGO द्वारा कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KGCCI) के सहयोग से होटल रैडिसन ब्लू, रूद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) में एक रोड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाल ही में शुरू हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में व्यापार एवं उद्योग जगत को जानकारी देना तथा पंतनगर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच प्रस्तावित सीधी हवाई कनेक्टिविटी की सुविधाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का संचालन हेड-एयरो कमर्शियल, सुश्री सुरभि राणा द्वारा किया गया। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी, वाणिज्यिक क्षमता तथा क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बेहतर हवाई संपर्क से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों, निवेश, पर्यटन तथा औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
इसके पश्चात AISATS नोएडा कार्गो टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड के एवीपी कमर्शियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट, शैलेश कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कार्गो कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं तथा व्यवसाय के लिए उपलब्ध संभावनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने विशेष रूप से कार्गो मूवमेंट, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के लिए एयरपोर्ट की संभावित भूमिका पर प्रकाश डाला।
इण्डिगो की सुश्री प्राची ने भी उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए हवाई कनेक्टिविटी से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने पंतनगर और नोएडा के बीच प्रस्तावित सीधी हवाई सेवा से यात्रियों, व्यापारिक समुदाय तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलने वाले लाभों तथा समय की बचत पर चर्चा की।
रोड शो के दौरान व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की यात्री एवं कार्गो सुविधाओं, कनेक्टिविटी तथा इसके माध्यम से पंतनगर-कुमाऊं क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने माना कि बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, निवेश तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिल सकती है।
इस अवसर पर केजीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अशोक बंसल ने क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें रखीं। उन्होंने पंतनगर तथा नोएडा-दिल्ली के बीच उड़ानों की संख्या बढ़ाने, यात्रियों एवं कार्गो के अपेक्षाकृत अधिक किराए को तर्कसंगत बनाने तथा नोएडा-रुद्रपुर सड़क मार्ग को एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे
यात्रा का समय घटकर लगभग 2 से 2.5 घंटे किया जा सके। श्री बंसल ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कार्गो सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध हो सकें तथा कार्गो, निर्यात और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अवसरों को बढ़ावा मिल सके। वहीं, सिडकुल, पंतनगर के जोनल चेयरमैन श्री अनूप कुमार सिंह ने सुझाव दिया कि पंतनगर और नोएडा के बीच प्रस्तावित हवाई सेवा को लोकप्रिय बनाने तथा यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए दीर्घावधि तक किराए में विशेष रियायत प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी किराए से इस हवाई मार्ग को व्यावसायिक रूप से सफल बनाने में मदद मिलेगी और क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम में केजीसीसीआई के सदस्यों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इनमें विकास सिंह, संजय कुमार अदलखा, भास्कर शर्मा, सुशील कुमार तुलस्यान, अंशु मित्तल, अनिल पुरोहित एवं रोहित शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *