काशीपुर। रामनगर रोड पर अनन्या होटल के निकट स्थित साकेत विहार कॉलोनी में मां भगवती के आठवें विशाल जागरण का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव से किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में शीश नवाया और भजन-कीर्तन के माध्यम से मां भगवती का गुणगान किया।
कार्यक्रम में मुख्य तौर पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण चौहान ने मां भगवती, भगवान श्री गणेश, भगवान शिव और हनुमान जी के भव्य स्वरूपों के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने ज्योति प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजन किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। तदोपरांत बलराम सिंह प्रजापति के मार्गदर्शन में मां बाल सुंदरी जागरण मंडली के भजन गायकों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। माता रानी की महिमा का गुणगान करते हुए प्रस्तुत किए गए भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस दौरान अरुण चौहान ने कहा कि जागरण समिति की ओर से उन्हें हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में आमंत्रित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस पावन आयोजन में शामिल होकर उन्हें अत्यंत आनंद और आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। अरुण चौहान ने कहा कि माता रानी की कृपा के बिना संसार में कोई भी कार्य संभव नहीं है। उन्हीं की इच्छा और आशीर्वाद से हम सभी एकत्रित होते हैं। किसी भी धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए मेहनत, समय, समर्पण और सामूहिक सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अरुण चौहान ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि युवा एकजुट होकर धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में अपना महत्वपूर्ण समय और योगदान दे रहे हैं। युवाओं का इस प्रकार आगे आना समाज और संस्कृति के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने आठवें विशाल जागरण के सफल आयोजन पर आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से हमारी परंपराएं और संस्कार अगली पीढ़ी तक पहुंचते हैं। ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखना समाज के हित में है। अरुण चौहान ने जागरण समिति के प्रमुख सदस्यों अमित दिवाकर, अजय प्रजापति, अनुज सैनी, सचिन सैनी, अमन दिवाकर, दीक्षित, गौरव सैनी, पंकज अरोरा, विवेक दिवाकर, संजू दिवाकर और विश्वास दिवाकर सहित सभी सेवादारों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में समिति के प्रत्येक सदस्य और सेवादार का योगदान महत्वपूर्ण है। सभी ने मिलकर जिस श्रद्धा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया। जागरण के समापन पर विधि-विधान से मां भगवती की आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
