काशीपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशीपुर विधानसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी उदित बंसल ने शनिवार दोपहर काशीपुर में स्टेशन रोड स्थित अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के कामों में पारदर्शिता, लागत और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर महापौर और विधायक पर निशाना साधा। प्रेसवार्ता में उदित बंसल ने कहा कि जो भी काम हो रहा है, उसकी लागत जनता के सामने आनी चाहिए। पारदर्शिता के तहत जनता को पता होना चाहिए कि कितनी लागत आई, कितना काम होना था और कितना काम हुआ है।
फ्लाईओवर के नीचे के काम के लिए महापौर का किया धन्यवाद :
बंसल ने एक काम के लिए महापौर दीपक बाली का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे फाउंटेन और डेकोरेशन का जो इंतजाम करवाया गया है, वह अच्छा काम है। उन्होंने कहा कि पहले वहां आम आदमी, रिक्शा वाले और पब्लिक खड़ी होती थी। अगर कभी फ्लाईओवर गिरता तो नीचे खड़े लोगों की जान को खतरा था। अब वहां किए गए इंतजाम से भविष्य में कई लोगों की जान बच जाएगी। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए मैं महापौर का धन्यवाद करना चाहता हूं कि फ्लाईओवर के नीचे लोगों की जान बचाने के लिए यह काम करवाया गया।
विधायक और महापौर दोनों भाजपा के, इसलिए सब चुप :
प्रेसवार्ता में बंसल ने विधायक से भी अपील की। उन्होंने कहा कि विधायक जी, अगर आप समझते हैं कि भ्रष्टाचार हुआ है तो इसको उजागर करवाइए। उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि विधायक और महापौर दोनों एक ही दल भाजपा के हैं, इसलिए भाजपा-भाजपा सब चुप हैं। अगर यही काम दूसरे दल के लोग करते तो भाजपा खुलासा करती कि ये भ्रष्टाचार कैसे हो रहा है।
जनता से मांगा समर्थन, घोटाले उजागर करने का दिया भरोसा :
अंत में उदित बंसल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि आपका वोट, आपका सहयोग ही मेरी ताकत बनेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पिछले जितने भी घोटाले हुए हैं, वह उन सबको उजागर करेंगे और जो भी कानूनन कार्रवाई संभव होगी, वह करवाएंगे।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
