जसपुर। हरिद्वार से खड़ी कांवर से गंगाजल का बैग चोरी होने से रोषित कांवरियों ने सुभाष चौक पर सड़क जाम कर नारेबाजी की। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर आरोपी को दबोचकर उससे जल बरामद कर लिया। जल मिलने के बाद कांवरिये गंतव्य को रवाना हो गये। वहीं, पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। सुभाष कॉलोनी निवासी जीतू पहली बार खड़ी कांवर लाया। काशीपुर रोड पर पुराने बैंक आफ बड़ौदा के पास उसने अपनी कांवर खड़ी की थी। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी कांवर में रखा गंगा जल का बैग चोरी हो गया। बैग चोरी होने पर जीतू एवं उसके अन्य साथी कांवरिये खफा हो गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाल का आरोपी का फोटो वायरल कर दिया। इधर, शाम चार बजे तक भी गंगा जल का बैग नहीं मिलने पर कांवरियों में रोष व्याप्त हो गया। गुस्साये कांवरिये सुभाष चौक के पास सड़क जाम कर नारेबाजी करने लगे। इस बीच पुलिस ने आरोपी को गंगाजल समेत पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। आरोपी को पकड़ने की सूचना पर कांवरिये भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने बरामद जल के बैग को जीतू को दिखाया तथा आरोपी को मंद बुद्धि बताया। पुष्टि कर जीतू ने बैग ले लिया। कोतवाल जगदीश ढकरियाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश विश्नोई निवासी वीआईपी कॉलोनी जसपुर बताया। कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
