रामनगर। प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर टीले के सुरक्षा कार्यों को शासन की मंजूरी मिल गई है। सिंचाई विभाग व आईआईटी रुड़की की टीम ने 11.93 करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी थी। शासन से बजट मिलते ही बरसात के बाद मंदिर के टीले का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ऐतिहासिक गर्जिया देवी मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र हैं। यहां हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मगर विगत कई वर्षो से बारिश व बाढ़ के चलते क्षतिग्रस्त मंदिर से पहले टीला टूट रहा था। टीले की सुरक्षा को देखते हुए सिंचाई विभाग ने इसके चारों ओर लोहे और कंक्रीट का जाल बनाया था। इसके बाद से टीला मजबूती के साथ खड़ा है। पिछले माह सिंचाई विभाग ने आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों के साथ मिलकर टीले को बाढ़ से बचाने के लिए 11.93 करोड़ की डीपीआर तैयार की थी। इसमें 70 मीटर के टीले के चारों ओर सीढ़ीनुमा सीसी ब्लॉक बनाने की योजना है। ब्लॉकों को मजबूती देने के लिए पांच मीटर की सीसी वॉल को जमीन के अंदर डाला जाना है। इस प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी करते हुए विभाग को स्वीकृति दे दी है। अब जल्द ही निर्माण कार्य को लेकर बजट आने की भी उम्मीद है।
सिंचाई विभाग रामनगर के अधिशासी अभियंता अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि शासन से गर्जिया मंदिर की सुरक्षा के लिए बनाए गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही बजट मिलने के बाद बरसात के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। मंदिर में पूजा अर्चना प्रभावित ना हो इसके लिए पहले चरण में नदी की ओर निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके बाद मंदिर के पिछले हिस्से व अंतिम चरण में ब्लॉक निर्माण का कार्य कराया जाएगा।

सह संपादक मानव गरिमा
कार्यालय – वार्ड नंबर 17, हाउस नंबर 363, कानूनगोयान, काशीपुर
संपर्क – +91 99174 42518
अपने क्षेत्र के समाचारो को पढ़ने व अपने प्रतिष्ठान, दुकान आदि के सजावटी विज्ञापन छपवाने के लिए मानव गरिमा न्यूज़ पोर्टल व समाचार पत्र से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें-
