March 6, 2026
IMG-20250814-WA0221

रुद्रपुर। कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) द्वारा जिला उद्योग केन्द्र, रूद्रपुर के सभागार में उद्योगों में हो रही विद्युत कटौती एवं अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु नरेन्द्र सिंह टोलिया, चीफ इन्जीनियर, उत्तराखण्ड पॉवर कॉर्पोरेशन के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डी के जोशी, अधीक्षण अभियन्ता, उत्तराखण्ड पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रूद्रपुर व यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता, एसडीओ एवं जेई भी उपस्थित थे। बैठक में केजीसीसीआई अध्यक्ष, पवन अग्रवाल ने कहा कि आजकल उद्योगों में विद्युत से सम्बन्धित समस्याएं ज्यादा हो रही हैं जबकि शासन एवं बिजली विभाग को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। विद्युत विभाग एवं शासन द्वारा मिलकर विद्युतापूर्ति के तंत्र को सुदृढ़ किया जाना नितान्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आजकल ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन, पावर कट एवं वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण उद्योगों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
चैम्बर के निवर्तमान अध्यक्ष अशोक बंसल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत उद्योगों को निर्बाध विद्युतापूर्ति हेतु औद्योगिक फीडरों से जोड़े जाने, जनपद ऊधम सिंह नगर के अन्तर्गत विभिन्न स्थानों पर स्थापित पावर सब-स्टेशनों के रख-रखाव, क्षमता वृद्धि एवं विद्युतापूर्ति हेतु आवश्यक इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाने, एल्डिको-सिडकुल औद्योगिक पार्क, सितारगंज की विद्युत आपूर्ति लाईन और विद्युत सब-स्टेशन की समस्या, केएम पेपर मिल की विद्युत आपूर्ति खमरिया के बजाय कुरैया उपकेंद्र पर शिफ्ट किए जाने, दानपुर (रूद्रपुर) स्थित 33 केवीए सब-स्टेशन की स्थिति के सम्बन्ध में, दिनेशपुर (रूद्रपुर) में 33 केवीए सब-स्टेशन की स्थिति के सम्बन्ध में, जाफरपुर में नए सब-स्टेशन की स्थापना, सितारगंज में निर्माणाधीन सब-स्टेशन का निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराए जाने आदि विषय मुख्य अभियंता के समक्ष रखे गए। बैठक में उपस्थित कुछ सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि जब से उद्योगों में स्मार्ट मीटर लगे हैं तब से बिजली के बिल बहुत ज्यादा आ रहे हैं जबकि बिजली की खपत पूर्व की भांति ही हो रही है। बिलों की केलकुलेशन भी सही तरीके से नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिलों में सुधार कर समयबद्ध तरीके से जारी किए जाने चाहिए। अधीक्षण अभियंता डीके जोशी द्वारा अवगत कराया गया कि अब स्मार्ट मीटर के बिलों में होने वाली कमियों को काफी हद तक दूर कर लिया गया है। कुछ छोटी-छोटी समस्याओं को दूर किया जाना अभी बाकी है जिसके लिए यूपीसीएल, जीनियस एवं अडाणी की टीम निरन्तर मिलकर कार्य कर रही है, उन कमियों को अतिशीघ्र दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिल समय से जेनरेट न हो पाने के कारण विभाग को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा है। मुख्य अभियंता नरेन्द्र सिंह टोलिया द्वारा आश्वासन दिया गया कि बिजली के गले हुए पोल एवं जहां पर कन्डक्टर कमजोर हो गए हैं उनका सर्वे कराकर उन्हें जल्दी बदलवाने की कार्यवाही की जाएगी। अभी खेतों में फसल खड़ी है, अतः फसल कटने के तुरन्त बाद यह काम पूर्ण करवा दिया जाएगा। उन्होंने उद्योगों के समक्ष आ रही विद्युत से सम्बन्धित समस्याओं को यथाशीघ्र दूर कराने हेतु बैठक में उपस्थित यूपीसीएल के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया और उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनके स्तर से होने वाली समस्याओं का यथाशीघ्र निराकरण कर दिया जाएगा। इसके लिए वे खुद व्यवस्था देखेंगे। उन्होंने उद्योगों को अपनी ओर से हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं के साथ शालीनता के साथ व्यवहार किया जाए।
केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने श्री टोलिया से आग्रह किया कि चूंकि उद्योगों में बिजली से सम्बन्धित समस्याएं अधिक रहती हैं, अतः इस प्रकार की मीटिंगों का आयोजन एक निश्चित अन्तराल पर होते रहना चाहिए।
इस अवसर पर चैम्बर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश कुमार मिड्‌ढा, कोषाध्यक्ष अंकित बंसल, जोनल चेयरमैन अनूप कुमार सिंह, नरेश घई, विकास सिंह, विनीत शरन, अतुल बंसल, सचिन टिबरेवाल, सुखदेव सिंह भल्ला, संजय कुमार अदलखा, पीएस चौहान, राजेश बेद, अरविन्द सिंह, मनोज अरोरा, सुधीर मिश्रा, नवीन छाबड़ा, अजय कुमार, वृजेश तिवारी, पूजा, मुन्ने शाह, अमित आर्या आदि अनेक सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *