March 6, 2026
Screenshot_2025-09-12-11-53-57-82

हल्द्वानी। लालच और जालसाजी का खेल लोगों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। हल्द्वानी में ठगों ने एक महिला समेत चार लोगों के बैंक खातों से 7.11 लाख रुपये पार कर लिए। किसी को नौकरी तो किसी को पैसे दोगुने करने का लालच दिया गया। एक युवक से एटीएम कार्ड के चार अंक पूछने के बाद ठगी हुई। पुलिस ने सभी मामलों में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस-1
मुखानी निवासी ऊषा सिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले साल दिसंबर में उसके बेटे ने मर्चेंट नेवी में नौकरी के लिए एजेंट से ऑनलाइन बात की थी। दोनों के बीच लेनदेन पर चर्चा हुई। 20 दिसंबर 2024 को अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आया। फोन करने वाले ने नौकरी लगाने के नाम पर 1.70 लाख रुपये खाते में जमा करवा लिए। अब नौकरी के लिए बेटे ने उसी नंबर पर कॉल किया तो फोन बंद आ रहा है।

केस-2
बनभूलपुरा निवासी परवेज पैसे डबल करने के लालच में 3.28 लाख रुपये गवां बैठा। हुआ यूं कि 18 फरवरी को उसे अनजान नंबर से फोन आया। कॉलन ने पैसे दोगुने करने का लालच दिया। विश्वास में आकर परवेज ने पांच हजार रुपये भेज दिए। आधे घंटे बाद दस हजार क्रेडिट का मैसेज आया। फिर क्या था लालच बढ़ गया। परवेज ने ठगों के कहने पर उनके बताए खातों में पांच किस्तों में 3.28 लाख रुपये डाल दिए। इसके बाद न पैसे डबल हुए और न फोन रिसीव हुआ।

केस-3
काठगोदाम निवासी ललित चंद्र को ठगों ने 1.13 लाख का चूना लगा दिया। 25 फरवरी 2025 को ललित के पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को निजी बैंक का प्रतिनिधि बताया। ठग ने उन्हें झांसे में लेकर एटीएम कार्ड के अंतिम चार अंक पूछे। ललित की ओर से अंक बताने के उपरांत फोन काट दिया। इसके बाद खाते से 1.13 लाख रुपये कटने का मैसेज आया। तब जाकर ठगी का एहसास हुआ।

केस-4
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले प्रतीक ने रुपये दोगुने करने के लालच में एक लाख रुपये ठगों को दे दिए। प्रतीक ने पुलिस को बताया कि उसके पास कुछ समय पहले व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने बताया कि पैसे लगाने पर उसे वापस अधिक रकम मिलेगी। पहली बार में प्रतीक ने 40 हजार रुपये लगाए तो 44 हजार वापस आ गए। इससे वह लालच में आ गया और उसने सीधे एक लाख रुपये लगा दिए। न तो रुपये वापस आए और न दोबारा फोन उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *