March 6, 2026
IMG_20260112_134224

       रामनगर। पीरूमदारा स्थित एक स्टोन क्रशर में 18 टायरा ट्राले के अंदर चालक समेत दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रविवार को दोनों युवक ट्राले के केबिन में पेट्रोमैक्स जलाकर सोए थे। यूपी संभल निवासी इकरार हुसैन (31) पुत्र बुंदु अट्ठारह टायरा ट्राला चलाने का कार्य करता था। शनिवार देर रात नौ बजे वह ट्राला स्वामी के भाई संभल निवासी इरफान (28) पुत्र रुस्तम के साथ पीरूमदारा स्थित स्टोन क्रशर आया था। क्रशर से सुबह पांच बजे ट्राले में उपखनिज भरवाया लेकिन ज्यादा अंधेरा होने के चलते दोनों वहीं रुक गए। इस बीच उन्होंने ट्राले के केबिन में पेट्रोमैक्स जलाया और शीशे बंद कर सो गए। दोपहर एक बजे तक जब ट्राला क्रशर में ही खड़ा था तो कर्मियों ने उन्होंने उठाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद दोनों नहीं उठे तो ट्राले का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। दोनों को सरकारी अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया दोनों की मौत दम घुटने से प्रतीत हो रही है। पंचनामा भरकर शवों को मोर्चरी में भेज दिया है। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *