March 6, 2026
IMG-20260216-WA0180

काशीपुर।‌ काशीपुर में अंधविश्वास के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी किये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। ये ठगी जिन्न का खौफ दिखाकर की गई बताई जा रही है। पीड़ितों ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच उपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आईटीआई थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बांसखेड़ा खुर्द के तमाम महिला-पुरुषों ने आज आईटीआई कोतवाली पहुंचकर कोतवाली प्रभारी रवि सैनी को अपनी पीड़ा सुनाई। बताया कि पिछले काफी समय से उनके गांव में रह रहा मूलतः रामपुर (यूपी) निवासी एक व्यक्ति ने उनका विश्वास जीत लिया और जिन्न द्वारा पैसा दुगुना करने की बात कहते हुए कहा कि मेरे पास जिन्न है, जो पैसा मुझे दोगे जिन्न‌ उसका दुगुना-तिगुना कर देगा। उसके झांसे में आकर कुछ लोगों ने उसे रुपये दिये और उसने अपनी बात पर खरा उतरते हुए रुपये बढ़ाकर लौटा भी दिये। बात फैली तो भारी संख्या में लोग उसके पास रुपये दुगुने-तिगुने कराने पहुंचने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति तंत्र-मंत्र भी करता है। जिन्न का खौफ दिखाकर तमाम तरह की बातें बनाते हुए उसने अपने परिचितों और रिश्तेदारों को भी पैसे डबल कराने की बात बताकर अपने पास लाने को कहा। अंधविश्वास में आकर तमाम लोगों के पैसे इसके पास जमा कराये गये। काफी रकम जमा होने के बाद उक्त व्यक्ति ने कोई भी रिफन्ड नहीं दिया। जानकारी करने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति संगठित गिरोह बनाकर लोगों को झांसे में लेता है और फिर भाग जाता है। उक्त व्यक्ति द्वारा ऐसा ही कृत्य यूपी के भोजपुर व सैफनी क्षेत्र में भी किया है। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि रकम मांगने पर उन्हें जान से मरवा देने या किसी झूठे केस में फंसा देने की धमकी मिल रही है। पीड़ितों के मुताबिक उक्त व्यक्ति ने हजारों लोगों से 25 करोड़ से अधिक की ठगी कर उन्हें दर-दर भटकने को मजबूर कर दिया है। उधर, इस संबंध में कड़ी कानूनी कार्रवाई कर आरोपी से रकम वापस दिलाते जाने की गुहार लगाते हुए कोतवाली पुलिस को एक तहरीर भी सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने मामले की जांच करने की बात कही है। इस दौरान शकील अहमद, इस दौरान शकील अहमद, ईस्माइल, अरमान अली, गुल सनोबर, मुन्नी बेगम, नाजमा, कहकशा, मौहम्मद आरिफ, मौहम्मद अयान, गुलाम मुस्तफा, सलीम, अंसार अहमद, फरजाना, यूसुफ, शायरा, शरीफ, शबनम, जुनैद, शमशेर आलम आदि बड़ी संख्या में पीड़ित महिला पुरूष थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *