May 9, 2026
Screenshot_2025-07-24-15-17-12-83

काशीपुर। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) ने अपनी सहयोगी संस्था वरिष्ठ नागरिक मंच के गदरपुर की उपजिलाधिकारी सुश्री ऋचा सिंह द्वारा वरिष्ठ नागरिक के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा हेतु दिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत किया है। KDF अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि यह निर्णय वर्तमान समाज के लिए एक अत्यंत आवश्यक एवं प्रेरणादायक संदेश है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां कई बुजुर्ग उपेक्षा, मानसिक प्रताड़ना एवं असम्मान का सामना कर रहे हैं, वहां यह फैसला केवल एक कानूनी आदेश नहीं, बल्कि समाज को जागृत करने वाला मानवीय संदेश है। यह निर्णय उन माता-पिता के लिए भी आत्ममंथन का विषय है, जो अत्यधिक लाड़-प्यार में बच्चों को संस्कार, जिम्मेदारी एवं परिवार के प्रति कर्तव्य की शिक्षा नहीं दे पाते। KDF वरिष्ठ नागरिक मंच का मानना है कि बच्चों को यह समझना आवश्यक है कि माता-पिता की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति में एक पवित्र धर्म माना गया है। प्रत्येक संतान को यह स्मरण रखना चाहिए कि समय का चक्र सबके लिए समान होता है-“जैसी करनी वैसी भरनी।” आज जो व्यवहार अपने माता-पिता के साथ किया जाएगा, वही आने वाले समय में समाज और परिवार से वापस प्राप्त होगा। KDF ने निर्णय लिया है कि वह अपनी सहयोगी संस्था वरिष्ठ नागरिक मंच के साथ मिल कर समाज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा हेतु उल्लेखनीय कार्य करने के लिए उपजिलाधिकारी सुश्री ऋचा सिंह का सार्वजनिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करेगी। KDF का विश्वास है कि यदि समाज में माता-पिता एवं बुजुर्गों के सम्मान की भावना पुनः मजबूत हुई, तो पारिवारिक संस्कार, सामाजिक संतुलन एवं मानवीय संवेदनाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *